न्यूयॉर्क । फीफा विश्वकप 2026 में 12वां दिन फुटबॉल फैंस के लिए यादगार रहा। एक ओर अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागकर इतिहास रच दिया, तो दूसरी ओर फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एमबाप्पे ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को दो गोलों से यादगार बना दिया।
अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 और फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ-32 में अपनी जगह पक्की कर ली।
उधर, नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से हराकर पिछले 28 साल में अपने पहले विश्वकप में राउंड ऑफ-32 में जगह बना ली है। स्टार फुटबॉलर एर्लिंग हालंद ने दो गोल दागे। यानी मेसी, एमबाप्पे के बाद हालंद ने भी अपना फॉर्म बरकरार रखा है। 12वें दिन हुए मैच में इन तीनों ने दो-दो गोल दागे। इस विश्वकप में गोल्डन बूट की रेस में अब मेसी लीड कर रहे हैं। उनके इस विश्वकप में पांच गोल हैं, जबकि एमबाप्पे और हालंद के चार-चार गोल हो चुके हैं।
मेसी ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रिया को हराकर अर्जेंटीना नॉकआउट में
डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के लिए एक बार फिर लियोनल मेसी संकटमोचक बने। डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराया। मेसी ने 38वें मिनट में शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। थियागो अल्माडा की समझदारी और फाकुंडो मेडीना के बेहतरीन पास के बाद मेसी ने गेंद को निचले कोने में पहुंचाकर स्कोर 1-0 कर दिया।
मैच के शुरुआती चरण में मेसी एक पेनल्टी भी चूक गए थे और ऑस्ट्रिया के कप्तान डेविड अलाबा ने कई अहम मौकों पर अर्जेंटीना को गोल करने से रोका। हालांकि मेसी ने हार नहीं मानी और इंजरी टाइम के पांचवें मिनट में दूसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी।
विश्वकप इतिहास में सबसे आगे निकले मेसी
इस दोहरे गोल के साथ मेसी ने विश्वकप में अपने कुल गोलों की संख्या 18 पहुंचा दी। वह अब फीफा विश्वकप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजे के 16 गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं, मेसी लगातार छह विश्वकप मैचों में गोल करने वाले इतिहास के केवल तीसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि फ्रांस के जस्ट फोंटेन (1958) और ब्राजील के जायरजिन्हो (1970) ने हासिल की थी।
ऑस्ट्रिया ने किया संघर्ष, लेकिन नहीं तोड़ पाया अर्जेंटीना का किला
राल्फ रैंगनिक की टीम ने मुकाबले में संघर्ष जरूर किया। मार्सेल साबित्जर ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार फ्री-किक लगाई, लेकिन वह गोल में तब्दील नहीं हो सकी। वहीं, अर्जेंटीना के लिए निको गोंजालेज भी गोल के करीब पहुंचे, लेकिन स्कोर नहीं कर सके। अंततः मेसी का अनुभव और अर्जेंटीना की मजबूत रक्षापंक्ति ऑस्ट्रिया पर भारी पड़ी। लगातार दूसरी जीत के साथ अर्जेंटीना ने ग्रुप जे से नॉकआउट चरण का टिकट हासिल कर लिया।
100वें मैच में एमबाप्पे का धमाका, फ्रांस ने इराक को रौंदा
फिलाडेल्फिया में खेले गए मुकाबले में फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराकर अपनी दूसरी लगातार जीत दर्ज की। मैच की शुरुआत से ही फ्रांस का दबदबा देखने को मिला और कप्तान किलियन एमबाप्पे ने 14वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। माइकल ओलीसे के पास पर एमबाप्पे ने 20 गज की दूरी से शानदार लेफ्ट फुट शॉट लगाकर गेंद को जाल में पहुंचाया। यह उनके विश्वकप करियर का 15वां गोल था।
इराक की गलती का एमबाप्पे ने उठाया फायदा
54वें मिनट में इराकी डिफेंडर जैद तहसीन और गोलकीपर अहमद बासिल की बड़ी गलती फ्रांस के लिए वरदान साबित हुई। गोल किक के दौरान हुई चूक के बाद गेंद उस्मान डेम्बेले के पास पहुंची, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से एमबाप्पे को पास दिया और फ्रांसीसी कप्तान ने आसान गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। यह विश्वकप में एमबाप्पे का 16वां गोल था, जिसके साथ उन्होंने मिरोस्लाव क्लोजे के पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
डेम्बेले ने भी खोला खाता
66वें मिनट में माइकल ओलीसे ने एक और बेहतरीन पास दिया, जिस पर ओस्मान डेम्बेले ने गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। यह उनके विश्वकप करियर का पहला गोल था।
आंकड़ों में भी फ्रांस का दबदबा
मैच के आंकड़े फ्रांस की एकतरफा श्रेष्ठता को दर्शाते हैं। फ्रांस ने 18 शॉट लगाए, जिनमें से पांच निशाने पर रहे, जबकि इराक एक भी शॉट लक्ष्य पर नहीं लगा सका। गेंद पर फ्रांस का 56 प्रतिशत कब्जा रहा और उसने 585 पास पूरे किए, जिनकी सटीकता 91 प्रतिशत रही। इराक ने 420 पास किए और उसकी पासिंग सटीकता 86 प्रतिशत रही। फ्रांस को चार कॉर्नर मिले, जबकि इराक को दो कॉर्नर हासिल हुए।
नॉर्वे ने सेनेगल को हराया, नॉकआउट में एंट्री
एर्लिंग हालंद ने एक बार फिर अपनी अहमियत साबित करते हुए गोल किया और नॉर्वे को सेनेगल पर 3-2 की रोमांचक जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। ग्रुप-आई के इस मुकाबले में मार्कस होल्मग्रेन पेडर्सन ने 43वें मिनट में नॉर्वे को बढ़त दिलाई, जबकि हालंद ने 48वें और 58वें मिनट में दो गोल दागकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी। हालांकि इस्माइला सार ने 53वें मिनट और फिर इंजरी टाइम (90+3) में गोल कर सेनेगल को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन नॉर्वे जीत बचाने में सफल रहा।
अब फ्रांस vs नॉर्वे क्लासिक मुकाबला
इस जीत के साथ नॉर्वे ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर राउंड ऑफ-32 में जगह पक्की कर ली। दो मैचों में पूरे छह अंक लेकर वह फिलहाल बेहतर गोल अंतर के आधार पर फ्रांस से ऊपर ग्रुप में शीर्ष पर है। अब 26 जून को फ्रांस और नॉर्वे के बीच होने वाला मुकाबला ग्रुप विजेता का फैसला करेगा।
मेसी बनाम एमबाप्पे: गोल्डन बूट की रोमांचक जंग
विश्व फुटबॉल के दो सबसे बड़े सितारे फिलहाल गोल्डन बूट की दौड़ में आमने-सामने हैं। मेसी ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागकर टूर्नामेंट में शीर्ष स्कोरर बने हुए हैं, जबकि एमबाप्पे भी चार गोल के साथ उनके पीछे लगे हुए हैं। हालंद ने भी चार गोल कर दिए हैं। तीनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों को नॉकआउट चरण में पहुंचा चुके हैं और अब उनकी नजर न सिर्फ विश्वकप ट्रॉफी बल्कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड्स पर भी होगी।
फीफा विश्वकप में 13वें दिन का शेड्यूल
फीफा विश्वकप 2026 के 13वें दिन चार अहम मुकाबले खेले जाएंगे, जिन पर दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें रहेंगी। ग्रुप-के में पुर्तगाल का सामना उजबेकिस्तान से होगा, जहां क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाने उतरेगी। वहीं ग्रुप-एल में इंग्लैंड और घाना के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिलेगा। इसके अलावा पनामा बनाम क्रोएशिया और कोलंबिया बनाम डीआर कांगो मैच भी ग्रुप की तस्वीर साफ करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
समय (भारतीय समय) मुकाबला ग्रुप
रात 10:30 बजे (आज) पुर्तगाल vs उजबेकिस्तान ग्रुप K
रात 1:30 बजे (24 जून) इंग्लैंड vs घाना ग्रुप L
सुबह 4:30 बजे (24 जून) पनामा vs क्रोएशिया ग्रुप L
सुबह 7:30 बजे (24 जून) कोलंबिया vs डीआर कांगो ग्रुप K


