दिल्ली । दिल्ली , बुराड़ी विधानसभा अंतर्गत आने वाले बुराड़ी की 200 मीटर की पक्की सड़क के लिए तरस रहा कोशिक इंक्लेव का एक एक निवासी। दिल्ली सरकार के वायदे कागज़ी, जमीन पर कीचड़ ही कीचड़। बुराड़ी मुख्य मार्ग पर कौशिक एनक्लेव गली नंबर एक से लेकर गली नंबर नौ तक करीब 200 मीटर की सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है।
यह सड़क अब सड़क कम और कीचड़ का तालाब ज्यादा नजर आती है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, टूटा हुआ डामर, बहता हुआ गंदा पानी और कीचड़ लोगों के लिए रोज की मुसीबत बन गया है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह हालात तब है, जब इसी जगह पर रात में लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी द्वारा मुरम और गिट्टी डालकर सड़क को मरम्मत करने का प्रयास किया गया था। लेकिन विभाग का यह प्रयास भी सिर्फ खानापूर्ति साबित हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में विभाग ने औपचारिकता निभाने के लिए मुरम और गिट्टी डाल दी, लेकिन न तो इसे ठीक से दबाया गया और न ही इस पर डामर की परत बिछाई गई। नतीजा यह हुआ कि सुबह होते ही मुरम और गिट्टी कीचड़ में मिल गई और सड़क पहले से भी ज्यादा खराब हो गई। तस्वीर में भी साफ देखा जा सकता है कि पूरी सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी भरा हुआ है। गाड़ियों के पहिए कीचड़ में फंस रहे हैं और पैदल चलने वालों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि विभाग ने मरम्मत के नाम पर सिर्फ सरकारी पैसे की बर्बादी और ठेकेदारों और राजनेताओं की चांदी है।
इस 200 मीटर की टूटी सड़क की वजह से क्षेत्र के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चे रोज इसी कीचड़ भरी सड़क से स्कूल जाते हैं, उनके कपड़े और जूते गंदे हो जाते हैं। बुजुर्गों और महिलाओं को चलने में सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सड़क हादसों का अड्डा बन गई है। बरसात के बाद तो हालात और भी भयानक हो जाते हैं, जब गड्ढों में पानी भर जाता है और पता ही नहीं चलता कि गड्ढा कहां है और सड़क कहां है।
स्थानीय निवासियों ने सरकार और विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेता बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही इस इलाके को भुला दिया जाता है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी न तो विधायक, न निगम पार्षद और न ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारी इस सड़क की सुध लेने आते हैं। लोगों का आरोप है कि विभाग के अधिकारी सिर्फ कागजों पर सड़क बना देते हैं, जबकि जमीन पर हालात जस के तस बने हुए हैं। अगर विभाग चाहता तो एक ही बार में सड़क को पक्का और मजबूत बना सकता था, लेकिन रात में मुरम डालकर काम खत्म समझ लिया गया।
अब क्षेत्र के लोगों की मांग है कि इस 200 मीटर की सड़क को जल्द से जल्द पूरी तरह से पक्का किया जाए। गड्ढों को भरकर डामर की नई परत बिछाई जाए और जल निकासी की भी उचित व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश का पानी सड़क पर न रुके। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो वे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


