नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में अब प्रदूषण के धुएं के साथ धुंध का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में दिवाली के दूसरे दिन सुबह धुंध की मोटी परत दिखाई दी। शहर के कुछ इलाकों में घना कोहरा भी देखा गया। सुबह 6:45 बजे के आसपास लिए गए दृश्यों में यह स्थिति स्पष्ट नजर आई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है। धौला कुआं क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक 194 दर्ज किया गया। इसे 'मध्यम' श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। यह स्तर संवेदनशील व्यक्तियों के लिए सांस लेने में हल्की परेशानी पैदा कर सकता है।
वहीं, इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक 258 रहा। यह 'खराब' श्रेणी में आता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। दिल्ली के अक्षरधाम क्षेत्र में भी धुंध की परत देखी गई। सराय काले खां से भी सुबह कोहरे के दृश्य सामने आए। वहीं सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अनुसार, सफदरजंग के आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स 371 है, जिसे 'बहुत खराब' कैटेगरी में रखा गया है।
एनसीआर में प्रदूषण का स्तर
दिल्ली के पड़ोसी राज्य हरियाणा के अंबाला में भी वायु गुणवत्ता की स्थिति संतोषजनक नहीं है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, अंबाला का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक 250 दर्ज किया गया। इसे भी 'खराब' श्रेणी में रखा गया है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि पूरे क्षेत्र में वायु प्रदूषण एक बड़ी चुनौती है। इन क्षेत्रों में भी लोगों को सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
आज सुबह दिल्ली के कई इलाकों में विजिबिलिटी
आज सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में दृश्यता काफी कम रही। धुंध और कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अक्षरधाम और सराय काले खां जैसे प्रमुख इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी कम रही। कम दृश्यता के कारण यातायात की गति धीमी रही। यह स्थिति वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर की ओर इशारा करती है और जनजीवन को प्रभावित करती है।
दिल्ली समेत एनसीआर के कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार
नई दिल्ली- 480
डिफेंस कॉलोनी- 476
ग्रेटर कैलाश - 450
नोएडा - 370
गाजियाबाद - 381
गुरुग्राम - 526
फरीदाबाद सेक्टर-11 - 501
दिल्ली एयरपोर्ट के आस पास विजिबिलिटी
दिल्ली के दोनों प्रमुख एयरपोर्ट्स पर कोहरे की स्थिति में आज सुबह सुधार दर्ज किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को जारी आंकड़ों में 9 नवंबर की तुलना में विजिबिलिटी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई। सफदरजंग एयरपोर्ट पर 9 नवंबर को विजिबिलिटी मात्र 100 मीटर थी और घना कोहरा छाया हुआ था। आज यह बढ़कर 1000 मीटर हो गई है और स्थिति मिस्ट में बदल गई है। विजिबिलिटी में 900 मीटर का सुधार हुआ है।
इस कोहरे के एपिसोड में सबसे कम विजिबिलिटी 500 मीटर (सुबह 6:30 बजे) दर्ज की गई। 1000 मीटर से कम विजिबिलिटी सुबह 4:30 से 8:00 बजे तक (कुल 3 घंटे 30 मिनट) रही, जबकि 500 मीटर से कम विजिबिलिटी नहीं देखी गई। हवा शांत थी। पालम एयरपोर्ट पर 9 नवंबर को विजिबिलिटी 600 मीटर थी और हल्का कोहरा था। आज यह 800 मीटर हो गई है और श्रेणी वही शैलोकॉग बनी हुई है। विजिबिलिटी में 200 मीटर का सुधार हुआ। सबसे कम विजिबिलिटी 800 मीटर (सुबह 8:00 बजे) रही। 1000 मीटर से कम विजिबिलिटी सुबह 8:00 बजे से जारी है, जबकि 500 मीटर से कम विजिबिलिटी नहीं देखी गई।
प्रदूषकों के लिए अलग तकनीक
सीपीसीबी के निगरानी केंद्रों पर हवा में मौजूद अलग-अलग प्रदूषकों की मात्रा मापने के लिए अलग-अलग वैज्ञानिक उपकरण और तकनीक इस्तेमाल की जाती हैं। इनमें पीएम 2.5, पीएम 10 बीटा रे अटेन्यूएशन तकनीक से मापा जाता है। नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के लिए केमिल्यूमिनसेंस, सल्फर डाइऑक्साइड के लिए यूवी फ्लोरेसेंस तकनीक अपनाई जाती है। इसी तरह कार्बन मोनोऑक्साइड और ओजोन जैसे प्रदूषक को मापने के अलग वैज्ञानिक तरीके हैं। इनकी माप के आधार पर निर्धारित भारतीय मानकों के अनुसार एक्यूआई की गणना की जाती है। वहीं, कई निजी एजेंसियां सेंसर आधारित तकनीक का इस्तेमाल करती हैं। इन सेंसरों से हवा में मौजूद कणों की सांद्रता का अनुमान लगाया जाता है। इनकी रीडिंग और गणना का तरीका सरकारी निगरानी केंद्रों से अलग होता है। इसमें सेंसर की गुणवत्ता, कैलिब्रेशन, तापमान, नमी, हवा की गति समेत नजदीकी की परिस्थितियां भी रीडिंग को प्रभावित करती हैं।
निजी एजेंसियां वायु प्रदूषण मापने के लिए सेंसर आधारित तकनीक का इस्तेमाल करती हैं। इसमें पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर का पता लगाने के लिए ऑप्टिकल पार्टिकल सेंसर लगाए जाते हैं, जबकि गैसीय प्रदूषकों की निगरानी के लिए इलेक्ट्रोकेमिकल और मेटल ऑक्साइड सेमीकंडक्टर सेंसर का उपयोग होता है। दिल्ली जैसे शहरों में इस तकनीक की अपनी सीमाएं हैं। यहां मौसम में तेजी से बदलाव, खासकर हवा में नमी और तापमान के उतार-चढ़ाव का असर सेंसर की रीडिंग पर पड़ता है। ऐसे में आंकड़ों में बड़ा अंतर आ सकता है। इसके विपरीत, सीपीसीबी की निर्धारित मापन प्रक्रिया और मानकीकृत पैमाना तुलनात्मक रूप से अधिक स्थिर और विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध कराते हैं। -प्रो. मुकेश खरे, सिविल इंजीनियरिंग विभाग, आईआईटी दिल्ली


