रायपुर । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बुधवार को रायपुर में अपने बल्ले से समां बांध दिया। उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेलकर न सिर्फ उपलब्धियां हासिल कीं बल्कि प्रशंसकों के दिल पर एक बार फिर अमिट छाप छोड़ी।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ खेले गए आईपीएल मुकाबले में किंग कोहली की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत आरसीबी ने छह विकेट से जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
नौवां आईपीएल शतक, सबसे ज्यादा सैकड़ों का रिकॉर्ड
पिछले दो मैचों में लगातार शून्य पर आउट होने के बाद कोहली ने इस मुकाबले में जैसे ही पहला रन बनाया, उनके चेहरे की खुशी साफ झलक रही थी और आत्मविश्वास की वापसी के बाद उन्होंने जो किया वह इतिहास में दर्ज हो गया। आरसीबी के पूर्व कप्तान ने 58 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का नौवां शतक पूरा किया। इससे पहले उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर जोस बटलर हैं, जिन्होंने सात शतकीय पारियां खेली हैं। वहीं, क्रिस गेल (6), केएल राहुल (6) और संजू सैमसन (5) क्रमश: तीसरे (संयुक्त) और चौथे पायदान पर हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक
खिलाड़ी शतक
विराट कोहली 9
जोस बटलर 7
क्रिस गेल 6
केएल राहुल 6
संजू सैमसन 5
सर्वाधिक टी20 शतक जड़ने वाले संयुक्त तीसरे बल्लेबाज बने कोहली
केकेआर के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में किंग कोहली 60 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्के की मदद से 105 रन बनाकर नाबाद रहे। वह टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली, जिनके नाम 10 शतक इस प्रारूप में दर्ज हैं। सबसे ज्यादा टी20 शतक का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 22 सैकड़े जड़े। वहीं, पाकिस्तान के बाबर आजम 13 शतकों के साथ दूसरे पायदान पर हैं।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक
खिलाड़ी शतक
क्रिस गेल 22
बाबर आजम 13
डेविड वॉर्नर 10
विराट कोहली 10
राइली रूसो 9
साहिबजादा फरहान 9
क्विंटन डिकॉक 9
अभिषेक शर्मा 9
कोहली की बड़ी उपलब्धि
इस मैच में दाएं हाथ के बल्लेबाज कोहली ने कई और उपलब्धियां हासिल की। वह आईपीएल में आरसीबी के लिए खेलते हुए केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा शतकीय पारियां खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले उन्होंने 2019 में कोलकाता में केकेआर के खिलाफ सैकड़ा ठोका था। वहीं, क्रिस गेल ने 2011 में इस टीम के खिलाफ 102 रनों की नाबाद पारी खेली थी। कोहली दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ दो बार शतकीय पारियां खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। वह गुजरात लायंस और केकेआर के खिलाफ यह कारनामा कर चुके हैं। वहीं, उनसे पहले जोस बटलर ने केकेआर और आरसीबी के खिलाफ दो-दो शतक जड़े हैं।
सबसे कम पारियों में पूरे किए 14 हजार टी20 रन
इस दौरान किंग कोहली ने 14 हजार टी20 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया। वह यह उपलब्धि सबसे कम पारियों में हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 409 पारियों में 14 हजार टी20 रन पूरे किए। इस मामले में उन्होंने क्रिस गेल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 423 पारियों में यह कारनामा किया था।
सबसे कम पारियों में 14000 टी20 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज
खिलाड़ी पारियां
विराट कोहली 409
क्रिस गेल 423
डेविड वॉर्नर 431
जोस बटलर 468
एलेक्स हेल्स 505
कीरोन पोलार्ड 633
मैच में क्या हुआ?
विराट कोहली की तूफानी शतकीय पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हरा दिया। बुधवार को रायपुर में बारिश के कारण लगभग एक घंटे से ज्यादा समय की देरी से शुरू हुए आईपीएल मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने अंगकृष रघुवंशी की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 194 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस दौरान विराट कोहली ने अपने आईपीएल करियर का नौवां शतक पूरा किया। वह 105 रन बनाकर नाबाद रहे। केकेआर के लिए कार्तिक त्यागी ने तीन विकेट लिए जबकि सुनील नरेन को एक सफलता मिली।


