नई दिल्ली । दिल्ली के मैदान गढ़ी इलाके में पुलिस ने चोरी का एक मामला सुलझाते हुए शिकायतकर्ता के सहमति संबंध में रहने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नकली चाबी बनाकर वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान संगम विहार निवासी सुधीर कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से नकली चाबी, 10 लाख रुपये और करीब 4 लाख 54 हजार के गहने बरामद किए हैं। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि 16 फरवरी को मैदानगढ़ी थाना पुलिस को आरती शर्मा ने राजपुर खुर्द गांव, छतरपुर स्थित घर में चोरी की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि घर से करीब 15 लाख के गहने और रुपये चोरी हुए हैं। पुलिस ने चोरी की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जांच में पता चला कि पीड़िता के सहमति संबंध में रहने वाले युवक ने नकली चाबी बनाकर वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस ने चाबी बनाने वाले की पहचान कर उससे पूछताछ की। पुलिस ने उसे सुधीर का फोटो दिखाया। उसने पूछताछ में बताया कि सुधीर ने ही उसे फ्लैट की नकली चाबी बनाने के लिए कहा था। उसके बाद पुलिस ने सुधीर की तलाश शुरू की। पुलिस ने उसे 22 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने फ्लैट की नकली चाबी बनाकर चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद और नकली चाबी बरामद कर ली।


