नई दिल्ली । उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद इलाके में सोमवार तड़के दिल्ली पुलिस के हवलदार ने पुरानी रंजिश में गांव से आई बरात में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त गांव काठा, बागपत, यूपी निवासी आशीष (25) के रूप में हुई है। गोली चलते ही बरात में अफरा-तफरी मच गई। फौरन युवक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
जहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, वहां पहुंचने पर आशीष को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आशीष के भाई अनुज के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी प्रवेश, उसके भाई संदीप व साले मेरठ निवासी विपिन को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी विकास मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
आशीष प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में एमटीएस था जबकि आरोपी प्रवेश दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में हवलदार है, फिलहाल उसकी तैनाती उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा ट्रैफिक सर्किल में है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल आरोपी प्रवेश की लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। सोमवार को ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि आशीष अपने परिवार के साथ गांव काठा, बागपत, यूपी में रहता था। इसके परिवार में पिता सतपाल, मां के अलावा दो भाई अनुज और अरुण व एक शादीशुदा बहन है। आशीष के पिता यूपी पुलिस से रिटायर हैं। रविवार को काठा से दिल्ली के वजीराबाद में पड़ोसी गौरव की बरात आई थी।
बरात का इंतजाम गुलशन वाटिका, गली नंबर-14/4, वजीराबाद में था। यहां पर गांव का प्रवेश अपने भाई संदीप और साले विपिन व विकास के साथ आया हुआ था। पूरी रात बरात का जश्न चला। सभी ने खूब शराब भी पी। तड़के बरात वापस गांव काठा जाने की तैयारी कर रही थी। इस बीच प्रवेश ने आशीष के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
उसके साथ भाई संदीप व दोनों साले विकास व विपिन भी थे। प्रवेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उसकी बट से पहले आशीष को पीटा। बाद में उसके सीने में गोली मार दी। बाद में सभी आरोपी फरार हो गए। आशीष का भाई अनुज उसे नजदीकी अस्पताल, बाद में ट्रामा सेंटर ले गया, जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया।
तड़के पुलिस को खबर मिली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। बाद में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी प्रवेश, संदीप और विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रवेश ने बताया है कि उसका आशीष से विवाद चल रहा था। काफी समय से दोनों के बीच रंजिश थी। उसी वजह से उसने आशीष की हत्या की।
प्रवेश को लगता था आशीष के उसकी पत्नी से हैं नजदीकियां...
आरोपी प्रवेश को लगता था कि आशीष और उसकी पत्नी के बीच नजदीकियां हैं। इसी वजह से दोनों के बीच विवाद रहता था। कई बार गांव में दोनों के बीच तू-तू मैं-मैं भी हुई। 3-4 माह पहले प्रवेश ने आशीष के पिता सतपाल से शिकायत की थी। उस समय भी मारपीट की नौबत आ गई थी। पिता सतपाल ने बीच-बचाव कराया था। उस समय बात रफा-दफा हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शक की वजह से ही आरोपी ने आशीष की हत्या की। अब परिजनों ने उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सीसीटीवी व वीडियो कब्जे में लेकर पड़ताल कर रही पुलिस...
एक ही गांव से आई बरात में लोग खुशी मना रहे थे। जैसे ही प्रवेश ने आशीष को गोली मारी, वहां पर अफरा-तफरी गई। किसी के गुमान में भी नहीं था कि प्रवेश ऐसा कर सकता है। बाद में जब आशीष की मौत का पता चला तो गांव में मातम छा गया। लोगों का कहना था कि छोटी सी बात पर दो परिवार बर्बाद हो गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद कई बरातियों के बयान लिए। मौके से सीसीटीवी फुटेज और वीडियो कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई।


