ग्लास्गो । स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में गुरुवार (23 जुलाई) से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आगाज हो रहा है। करीब 3,000 खिलाड़ी 74 देशों और क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 खेलों में 215 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबला करेंगे। भारत 125 सदस्यीय दल के साथ इन खेलों में हिस्सा ले रहा है और उसकी शुरुआत लॉन बॉल्स से होगी।
इसके अलावा देर रात रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन होगा। आइए जानते हैं कि पहले दिन भारत का पूरा कार्यक्रम क्या है, ओपनिंग सेरेमनी कब होगी और किन खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा नजर रहेगी।
सवाल: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 कब और कहां हो रहे हैं?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन 23 जुलाई से दो अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में होगा। इस बार खेलों को पहले की तुलना में छोटा रखा गया है और सिर्फ 10 खेल शामिल किए गए हैं। पूरे टूर्नामेंट में 74 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
सवाल: भारत कितनी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहा है?
भारत 19वीं बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहा है। उसने पहली बार 1934 में इन खेलों में भाग लिया था। पिछली बार बर्मिंघम 2022 में भारत ने 61 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था।
सवाल: पहले दिन भारत के कौन-कौन से मुकाबले होंगे?
भारत की शुरुआत लॉन बॉल्स से होगी। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारतीय खिलाड़ी ग्रुप स्टेज मुकाबले खेलेंगे।
भारत का Day-1 शेड्यूल (23 जुलाई)
समय (IST) प्रतियोगिता
दोपहर 2:00 बजे पुरुष सिंगल्स ग्रुप स्टेज (लॉन बॉल्स)
दोपहर 2:00 बजे महिला पेयर्स ग्रुप स्टेज (लॉन बॉल्स)
रात 10:30 बजे से ओपनिंग सेरेमनी
सवाल: भारतीय लॉन बॉल्स टीम से उम्मीदें क्यों हैं?
भारत के लिए लॉन बॉल्स अब सिर्फ एक नया खेल नहीं रहा, बल्कि पदक दिलाने वाला खेल बन चुका है। बर्मिंघम 2022 में भारतीय महिला टीम ने इतिहास रच दिया था। लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया और रूपा रानी तिर्की की चौकड़ी ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारत को इस खेल का पहला स्वर्ण पदक दिलाया था। उधर पुरुष फोर्स टीम ने भी रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में एक बार फिर भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
सवाल: ओपनिंग सेरेमनी कब और कहां होगी?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी 23 जुलाई को ग्लास्गो के प्रसिद्ध ओवो हाइड्रो एरीना में होगी। यह पहली बार होगा जब कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी पूरी तरह किसी इंडोर एरीना में आयोजित की जाएगी।
ओपनिंग सेरेमनी की जानकारी
विवरण जानकारी
तारीख 23 जुलाई 2026
समय (IST) रात 10:30 बजे से
स्थान ओवो हाइड्रो, ग्लास्गो
विशेषता पहली पूरी तरह इंडोर ओपनिंग सेरेमनी
सवाल: इस बार ओपनिंग सेरेमनी में क्या खास होगा?
आयोजकों के अनुसार इस बार पारंपरिक स्टेडियम शो की जगह अधिक आधुनिक और इमर्सिव अनुभव देखने को मिलेगा।
इसमें शामिल होंगे-
स्कॉटलैंड की संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां
बड़े विजुअल इफेक्ट्स
सभी 74 देशों के लिए अलग-अलग डिजाइन किए गए किंग्स बैटन की एंट्री
संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम
भारत की ओर से मीराबाई चानू राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलेंगी, जबकि लवलीना बोरगोहेन किंग्स बैटन लेकर भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी। इस बार गेम्स का आधिकारिक शुभंकर फिनी है, जिसे स्कॉटलैंड के राष्ट्रीय पशु यूनिकॉर्न से प्रेरित होकर बनाया गया है।
सवाल: भारत के सबसे बड़े पदक दावेदार कौन हैं?
भारत इस बार भी कई स्टार खिलाड़ियों के दम पर बड़ी उम्मीदें लेकर उतरा है।
भारत के प्रमुख पदक दावेदार
खिलाड़ी खेल
नीरज चोपड़ा जैवलिन थ्रो
मीराबाई चानू वेटलिफ्टिंग
मुरली श्रीशंकर लंबी कूद
लवलीना बोरगोहेन मुक्केबाजी
तुलिका मान जूडो
सवाल: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का पूरा कार्यक्रम क्या है?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 शेड्यूल
कार्यक्रम तारीख
ओपनिंग सेरेमनी 23 जुलाई
प्रतियोगिताएं 24 जुलाई – 2 अगस्त
क्लोजिंग सेरेमनी 2 अगस्त
सवाल: भारत का दल किन-किन खेलों में हिस्सा ले रहा है?
भारत ने कुल 125 खिलाड़ियों का दल भेजा है। इसमें सामान्य और पैरा दोनों वर्गों के खिलाड़ी शामिल हैं।
खेलवार भारतीय दल
खेल प्रमुख खिलाड़ी
एथलेटिक्स नीरज चोपड़ा, तेजस्विन शंकर, मुरली श्रीशंकर, पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी
मुक्केबाजी लवलीना बोरगोहेन, जैसमीन, प्रीति पवार, सचिन सिवाच
वेटलिफ्टिंग मीराबाई चानू, बिंदियारानी देवी, हरजिंदर कौर
जूडो तुलिका मान, अवतार सिंह
लॉन बॉल्स पिंकी, नयनमोनी सैकिया, रूपा रानी तिर्की, दिनेश कुमार
तैराकी श्रीहरि नटराज, साजन प्रकाश
ट्रैक साइक्लिंग रोनाल्डो सिंह, दिनेश कुमार
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स प्रणति नायक
पैरा स्पोर्ट्स पैरा एथलेटिक्स, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा स्विमिंग, व्हीलचेयर बास्केटबॉल और पैरा साइक्लिंग के खिलाड़ी
सवाल: भारत में मुकाबले किस समय देखे जा सकेंगे?
ग्लास्गो और भारत के समय में साढ़े चार घंटे का अंतर है। इसलिए भारतीय दर्शकों को अधिकांश मुकाबले दोपहर से देर रात तक देखने को मिलेंगे।
भारतीय समय के अनुसार मुकाबलों का समय
सत्र समय (IST)
सुबह/प्रारंभिक सत्र दोपहर 1:30 बजे – शाम 5:30 बजे
दोपहर सत्र शाम 5:30 बजे – रात 9:30 बजे
मेडल सत्र रात 9:30 बजे से आगे
सवाल: भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 कहां देखें?
भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की लाइव टीवी कवरेज सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगी। वहीं ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर उपलब्ध रहेगी।


