त्यूणी । त्यूणी थाना क्षेत्र के सरनाड बस्ती निवासी कैलाश थापा की ढाई वर्षीय पुत्री मरसिका की बृहस्पतिवार को पब्बर नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सावड़ा-कुड्डू जलविद्युत परियोजना से नदी में पानी छोड़ा गया।
इससे अचानक जलस्तर बढ़ने से बच्ची नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। हादसे से परिजनों और क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
थाना प्रभारी अश्विनी बलूनी ने बताया कि सूचना मिली थी कि सरनाडपानी के पास कुछ बच्चे नदी किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान बांध से पानी छोड़ा गया और एक बच्ची नदी के तेज बहाव में बह गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद बच्ची का शव नदी से बरामद हुआ। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। शव को पंचनामा भरने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


