आगरा । आगरा के थाना खेरागढ़ के गांव बरबर निवासी एक युवक ने शुक्रवार को अपनी ससुराल राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपवास क्षेत्र के गांव सिंघावली में पहुंचकर खूनी खेल खेल दिया। चचेरी साली की शादी के समारोह के बीच युवक ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया।
इस दिल दहला देने वाली घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
गांव बरबर निवासी राघवेंद्र (31 वर्ष) की शादी करीब 5 वर्ष पूर्व रूपवास के गांव सिंघावली निवासी राधिका (28 वर्ष) के साथ हुई थी। दोनों का एक तीन वर्षीय बेटा है। बताया गया है कि राधिका 30 अप्रैल को अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने मायके आई थी। शुक्रवार दोपहर राघवेंद्र भी ससुराल पहुंचा और लगन कार्यक्रम के दौरान सभी से हंसी-खुशी मिला। कार्यक्रम के बीच ही राघवेंद्र अपनी पत्नी राधिका को बहाने से घर के एक कमरे में ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। वहां उसने अचानक तमंचे से राधिका पर फायर कर दिया और फिर खुद की कनपटी पर गोली मार ली।
गोलियों की आवाज सुनकर जब परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, तो दोनों लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे। राघवेंद्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिजन ने आनन-फानन में राधिका को रूपवास अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में जयपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सूचना पर पहुंची रूपवास पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शुक्रवार देर शाम जब राघवेंद्र का शव गांव बरबर पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया।
गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर सुखी जीवन व्यतीत कर रहे युवक ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया। राधिका की परिजन शिवदेई ने बताया कि घटना पारिवारिक विवाद के चलते हुई। थाना अधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि मौके से तमंचा बरामद किया गया है। घटना के असल कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।


