नई दिल्ली । मुंबई के कुर्ला में गुरुवार देर रात एक घर पर क्रेन गिर गई। इस हादसे में 10 लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) की एक बड़ी क्रेन कुरैशी नगर में मध्य रेलवे की पटरियों के साथ एक मकान पर गिर गई।
अधिकारियों ने बताया कि किसी के मलबे में फंसे होने की आशंका नहीं है।
बीएमसी पीआरओ कार्यालय का कहना है, "यह दुर्घटना एक ऑपरेशन के लिए पोक्लेन मशीन का इस्तेमाल करके क्रेन लगाते समय हुई। इस घटना में छह लोग घायल हुए, जिन्हें सायन अस्पताल और कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।
रेलवे की ओएचई लाइन भी क्षतिग्रस्त
मध्य रेलवे ने बाद में स्पष्ट किया कि पास में चल रहे एमएमआरडीए के काम के लिए इस्तेमाल की जा रही क्रेन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच सिंगल रेलवे लाइन के ओवरहेड इलेक्ट्रिक उपकरण पर गिरी। इस रेल लाइन का मुख्य रूप से मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होता है। रेलवे के मुताबिक, हादसे का नियमित ट्रेन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है।
यह घटना एमएमआरडीए के कार्यस्थल पर हुई है। प्राधिकरण ने बताया कि क्रेन गिरने की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।


