नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हरनौत थाना क्षेत्र में एनएच पर पिलर संख्या 51 के पास हुआ, जहां पांच किशोरों से भरी एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी पांचों किशोर उछलकर दूर जा गिरे।
हादसे में दो सहोदर भाइयों की भी मौत हो गई। घटना के बाद हरनौत बाजार में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
अचानक सामने आया कुत्ता, बचाने की कोशिश में डिवाइडर से टकराई बाइक
अस्पताल में भर्ती घायल अमित कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात सभी दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर बाजार की ओर घूमने निकले थे। बाइक गौतम कुमार चला रहा था। जैसे ही वे एनएच पर पिलर संख्या 51 के पास पहुंचे, अचानक सड़क पर एक कुत्ता सामने आ गया।
कुत्ते को बचाने की कोशिश में बाइक चालक ने संतुलन खो दिया। रफ्तार तेज होने के कारण बाइक सीधे सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सभी पांचों किशोर उछलकर दूर जा गिरे और अचेत हो गए।
पटाखे फोड़ने के बाद बाइक लेकर निकले थे सभी दोस्त
मृतक गौतम के भतीजे गुड्डू ने बताया कि रात में सभी लड़के घर के पास पटाखे फोड़ रहे थे। इसके बाद वे अचानक बाइक लेकर घूमने निकल गए। कुछ ही देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।
सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने गौतम कुमार और अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायल अनीश, अमित और रवि को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान अनीश कुमार ने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों की हुई पहचान, दो सहोदर भाइयों की भी मौत
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों किशोरों की पहचान हो गई है। इनमें हरनौत थाना क्षेत्र के सबनहुआडीह गांव निवासी स्वर्गीय विलास यादव के 19 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार और हरनौत के आदर्शनगर निवासी दो सहोदर भाई 15 वर्षीय अभिमन्यु उर्फ मनु और 13 वर्षीय अनीश कुमार शामिल हैं।
वहीं, हादसे में घायल हरनौत निवासी 14 वर्षीय अमित कुमार और रवि कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का बिहारशरीफ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
किराना दुकान में साथ काम करते थे गौतम और दोनों भाई
मृतक सहोदर भाइयों अभिमन्यु और अनीश के पिता हरनौत बाजार में किराना दुकान चलाते हैं। गौतम कुमार भी इसी दुकान में काम करता था। एक ही हादसे में तीन किशोरों की मौत और एक परिवार के दो बेटों के चले जाने की खबर से पूरे हरनौत बाजार में मातम छा गया।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। दो सहोदर भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
क्या बोले हरनौत थानाध्यक्ष?
घटना के संबंध में हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


