उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना एरिया इलाके में शुक्रवार शाम नाबालिग लड़कों एक युवक की दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से वारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक को तब तक चाकू मारते रहे जब तक युवक अचेत नहीं हो गया। गंभीर हालत में पीड़ित मोहम्मद कैफ (26) को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की खबर मिलते ही जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के पर पहुंच गए। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर शनिवार सुबह 16 साल के तीनों नाबालिग आरोपियों को दबोच लिया गया। छानबीन में पता चला है कि महज 400 रुपये के लिए नाबालिगों ने उसकी हत्या कर दी।
दरअसल, नाबालिगों ने कैफ को कबाड़ का कुछ सामान बेचा था। उसमें 400 रुपये की लेनदेन का विवाद हो गया था। नाबालिग पिछले तीन दिनों से कैफ से अपने 400 रुपये मांग रहे थे। इस बात को लेकर तू-तू-मैं-मैं भी हुई थी। आरोप है कि शुक्रवार शाम को तीनों आरोपी ओल्ड मुस्तफाबाद पहुंचे और कैफ पर चाकू से हमला कर दिया।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि मोहम्मद कैफ परिवार के साथ गली नंबर-20, न्यू मुस्तफाबाद में रहता था। इसके परिवार में पिता मोहम्मद निजाम, मां, दो भाई मोनी और आशी के अलावा दो बहनें हैं। निजाम का पेंट का काम है, वहीं कैफ घर पर ही स्क्रैप का कारोबार करता था।
तीनों नाबालिग भी एरिया में रहते हैं। कुछ दिनों पूर्व इन लोगों ने कैफ को कुछ कबाड़ बेचा था। उसमें 400 रुपयों को लेकर विवाद था। नाबालिग कैफ से 400 रुपये और मांग रहे थे जबकि वह देने से मना कर रहा था। शुक्रवार शाम को कैफ 25-फुटा रोड पर बाबू हलवाई की दुकान के पास मौजूद था। इस बीच नाबालिग वहां पहुंचे। तीनों के हाथ में चाकू थे। आरोपियों ने उसे दौड़ा-दौड़ाकर दर्जनभर से अधिक चाकू मारे। बाद में वह फरार हो गए। पुलिस ने तीन टीम बनाकर शनिवार सुबह ही नाबालिग आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या करने की बात स्वीकार की है।
नाबालिग मारते रहे चाकू, भीड़ रही तमाशबीन
कैफ के दोस्त सुहेल ने बताया कि तीनों नाबालिग पिछले कई दिनों से चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। कैफ ने पैसे देने से इंकार कर दिया था। शुक्रवार शाम को तीनों आरोपी तीन चाकू के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने आते ही कैफ पर चाकू से हमला कर दिया। उस दौरान बाजार में लोगों की भीड़ मौजूद थी। लोगों ने कैफ को बचाने के बजाए वीडियो बनाना शुरू कर दिया। किसी ने बचाने की हिम्मत नहीं जुटाई। आरोपियों ने कैफ को सड़क पर गिराकर उस पर चाकू से कई वार किए। बाद में वह बड़े आराम से मौके से फरार हो गए। किसी ने कैफ के परिजनों को खबर दी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।


