नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग की हेल्पलाइन पर महिलाओं की सहायता के लिए फोन लगातार आते रहते हैं। हर घंटी के साथ घरेलू, सांस्थानिक या अन्य उत्पीड़न का दर्द सामने आता है। आयोग को हर साल करीब 1.5 लाख शिकायतें मिलती हैं, जो प्रतिदिन औसतन 410 से अधिक हैं। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बताया कि इन शिकायतों में घरेलू हिंसा से जुड़े मामले सबसे अधिक होते हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को संपर्क करने का तरीका न जानने के कारण आयोग से दूर नहीं रहना चाहिए। आयोग ने शिकायत के लिए हेल्पलाइन 14490 को 24 घंटे, सातों दिन चालू रखा है। रात 2 बजे भी यह फोन उठाया जाता है। महिलाएं ऑनलाइन पोर्टल http//ncw.nic.in पर भी घर बैठे शिकायत कर सकती हैं। ई-मेल के माध्यम से भी शिकायत भेजी जा सकती है। दिल्ली में आयोग के दफ्तर में व्यक्तिगत रूप से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। आयोग अब गांवों में भी जा रहा है और पिछले डेढ़ साल में 200 से अधिक प्रत्यक्ष जनसुनवाई की हैं। रहाटकर के अनुसार, ये शिकायतें अत्याचार बढ़ने का नहीं, बल्कि महिलाओं के चुप न रहने का प्रमाण हैं।
अनुकूल वातावरण की आवश्यकता
पॉश कानून का उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को काम करने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करना है। जागरूकता से महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति अधिक सशक्त होंगी। इससे उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में काम करने में मदद मिलेगी। नियमों को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया है।
कार्यस्थल पर सुरक्षा
कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम (पॉश) एक व्यापक कानून है। यह कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे प्रभावी ढंग से लागू करना अत्यंत आवश्यक है। लोगों को इस कानून के बारे में जागरूक करने की जरूरत है।


