दिल्ली। दिल्ली रंगों के त्योहार होली के उल्लास में डूबी हुई है। सुबह से ही पूरा शहर रंग-गुलाल की छटा से सराबोर है। लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर और गुलाल उड़ाकर होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।
विभिन्न सोसाइटियों और आरडब्ल्यूए द्वारा सामूहिक होली मिलन समारोहों का आयोजन किया गया है, जहां लोग मिलकर इस पर्व की खुशियां मना रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी लोगों के साथ होली खेली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'होली के अवसर पर दिल्लीवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है कि होली का यह त्योहार दिल्लीवासियों के लिए नई उमंग और विकास की लहर लेकर आएगा। आइए हम सब मिलकर शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाएं।'
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 'होली के अवसर पर मैं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। यह रंगों, प्रेम और सकारात्मकता का त्योहार है। देश और दिल्ली के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।'
अरविंद केजरीवाल समेत अन्य आप नेताओं ने खेली होली
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ होली खेली। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


