चंडीगढ़ । मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली से पहले एक बड़ा हादसा हो गया। रैली के लिए की जा रही तैयारियों के दौरान अचानक कॉफी मशीन फट गई। इस हादसे में मशीन का एक टुकड़ा वहां काम कर रहे एक व्यक्ति के सिर पर जा लगा। व्यक्ति गंभीर है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस महारैली से 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज करेंगे।
केजरीवाल रैली के मंच से पंजाब को और खुशहाल बनाने का रोडमैप पेश करेंगे, वहीं मान सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखेंगे। इसके साथ ही भाजपा-अकाली गठबंधन पर निशाना भी साधेंगे।
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू के मुताबिक, रैली में केजरीवाल, मुख्यमंत्री मान, पूरी कैबिनेट और पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप शामिल होगी। उन्होंने इसे पंजाब की राजनीति में नया अध्याय बताते हुए कहा कि रैली 2027 के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।
पार्टी का दावा है कि सरकार ने 2022 में किए गए चुनावी वादों और पांच बड़ी गारंटियों को पूरा किया है। रैली में इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर जनता से समर्थन मांगा जाएगा।
रैली में केंद्र सरकार पर पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और फंड के मुद्दे पर भेदभाव के आरोप भी उठाए जा सकते हैं। वहीं, अकाली दल के भाजपा के साथ गठबंधन को भी निशाने पर रखा जाएगा। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर पेश किया जाएगा।
116 एकड़ में तैयार किया रैली स्थल
मोगा-लुधियाना रोड पर मटवानी गांव सुबह 11 बजे रैली शुरू होगी। आप नेता कुलदीप सिंह धालीवाल के अनुसार, इसके लिए 116 एकड़ में पंडाल तैयार किया गया है। दो स्थानों पर पार्किंग के अलावा लंगर, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था की गई है। रैली को लेकर पंजाब पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की ओर से भी इंतजाम किए गए हैं।


