नई दिल्ली । अलीपुर में स्थित झंगोला घाट पर रविवार सुबह यमुना में नहाने गए तीन दोस्त गहरे पानी में डूबने लगे। वहां मौजूद मंदिर के पुजारियों ने रस्सी की मदद से एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक डूब गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद एनडीआरएफ व बोट क्लब के गोताखोर दोनों युवकों को तलाश कर रहे हैं।
तीनों युवकों की पहचान राकेश कुमार, रोशन कुमार और राजीव के रूप में हुई है।
तीनों स्वरूप नगर इलाके में रहते हैं और अलीपुर में फूलों का कारोबार करते हैं। रविवार सुबह तीनों यमुना किनारे खेतों से फूलों को तोड़ने आए थे। फूल तोड़ने के बाद तीनों नहाने के लिए यमुना नदी में चले गए। नहाने के दौरान तीनों गहने पानी में चले गए और डूबने लगे। शोर शराबा होने पर वहां मंदिर के पुजारी राजकुमार आ गए। उन्होंने अन्य पुजारियों को बुलाकर रस्सी की मदद से युवकों को बचाने की कोशिश करने लगे।
इन लोगों ने रोशन के पास रस्सी फेंकी, वह इसे पकड़ कर नदी से बाहर आ गया। जबकि अन्य दो युवक बाहर नहीं निकल पाए। घटना की जानकारी तुरंत अलीपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने इसकी जानकारी एनडीआरएफ और वोट क्लब के गोताखोरों को दी। सूचना मिलते ही गोताखोर मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों की तलाश के लिए अभियान चलाया। लेकिन देर शाम तक लापता हुए युवकों राकेश और राजीव का कोई सुराग नहीं मिला है।
परिजनों को बेटों के सकुशल मिलने की आस
घटना की जानकारी मिलने के बाद ही तीनों युवकों के परिवार वाले यमुना घाट पर पहुंच गए। लापता राकेश और राजीव के परिवार वालों का कहना है कि उन्हें अब भी आस है कि उनके बच्चे सकुशल मिल जाऐंगे। राकेश के पिता पिंटू ने बताया कि उनका बेटा अपने दोस्तों के साथ यहां आ गया था। उन्हें सुबह दस बजे अपने बेटे के यमुना में डूबने की जानकारी मिली। देर शाम तक उनके बेटे का कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं राजीव के पिता रामकुमार ने बताया कि उनका बेटा यमुना किनारे फूलों की खेती करता है। वह रोज खेतों से फूल तोड़ने के लिए आता था। रविवार को भी वह फूल तोड़ने आया था।