अगरतला। त्रिपुरा में शुक्रवार सुबह सात बजे से निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस चुनाव में अगरतला नगर निगम समेत 16 शहरी स्थानीय निकायों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। कुल 5.56 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं।
वे 268 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 733 उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। अगरतला नगर निगम में 51 वार्ड हैं।
क्या सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हुआ?
राज्य चुनाव आयोग के सचिव अनुराग सेन ने कहा, 'राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया'।
कितने सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए?
चुनाव प्रक्रिया में करीब 4,600 मतदान कर्मियों को लगाया गया है। वहीं, निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने के लिए 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 39 कंपनियां भी शामिल हैं।


