नई दिल्ली । दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक होटल में लेकर जाकर सहकर्मी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने मंगोलपुरी से गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के थाने में शिकायत करने के बाद आरोपी फरार हो गया था। आरोपी की पहचान बापरोला निवासी 24 साल के अरुण के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 9 जून को एक युवती ने नांगलोई थाने में अपने सहकर्मी अरुण पर दुष्कर्म करने की शिकायत की। शिकायत में उसने बताया कि वह अरुण के साथ रोहिणी सेक्टर सात स्थित एक निजी कंपनी में काम करती है। अरुण वहां सुपरवाइजर के पद पर काम करता था। एक दिन वह उसे बहाने से नांगलोई स्थित एक होटल में ले गया। जहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसके कई ठिकानों पर दबिश दी। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला के स्पेशल स्टाफ को निर्देश दिया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच करने के बाद आरोपी का पता लगा लिया। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को मंगोलपुरी के पत्थर मार्केट के पास से गिरफ्तार कर लिया।