काठमांडो । पड़ोसी देश नेपाल में आज आम चुनाव के लिए वोटिंग की जा रही है। साल 2025 में जेन-जी के विरोध प्रदर्शन के बाद नेपाल की तत्कालीन केपी शर्मा ओली सरकार गिर गई थी। 275 सीटों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।
कार्यवाहक मुख्य आयुक्त और पूर्व पीएम ने मतदान किया
चुनाव कराने के लिए जिम्मेदार कार्यवाहक मुख्य चुनाव आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने अपना वोट डाल दिया है। उन्होंने काठमांडो महानगरपालिका के वार्ड नंबर 29 के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी के समन्वयक पुष्प कमल दहल प्रचंड ने भी अपना वोट डाला। वोटिंग के बाद उन्होंने चुनावों पर खुशी व्यक्त की।
वोट डालने के लिए लाखों लोग काठमांडो से रवाना हुए
नेपाल के प्रमुख शहरों और शहरी केंद्रों में रहने वाले लाखों लोग अपने वोट डालने और रिश्तेदारों और पड़ोसियों से मिलने के लिए अपने पैतृक गांवों में वापस चले गए हैं। द काठमांडू पोस्ट में मेट्रोपॉलिटन ट्रैफिक पुलिस डिवीजन के हवाले से बताया गया है कि बुधवार सुबह तक लगभग 8 लाख लोग काठमांडो घाटी छोड़ चुके थे।
पुलिस उपाधीक्षक सुनील जंग शाह ने कहा, 'चुनाव के लिए और अधिक लोगों के अपने गृह जिलों में लौटने की उम्मीद है। इतने सारे लोगों को अपने परिवारों के साथ घर लौटते देखना किसी बड़े त्योहार जैसा लगता है।'
अधिकारियों ने कहा कि लोगों का इस तरह का बड़े पैमाने पर पलायन आमतौर पर केवल नेपाल के सबसे बड़े त्योहार दशैन के दौरान होता है, जब दस लाख से अधिक लोग घाटी छोड़ देते हैं।


