शाहजहांपुर । शाहजहांपुर में होली के दिन एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वह मुखौटा लगाकर आया और धारदार हथियार से पत्नी का गला काट डाला। पत्नी के प्रेमी पर तेजाब से हमला किया, जिससे उसका चेहरा झुलस गया। हमले के दौरान आरोपी पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र की बालाजी नगर कॉलोनी में होली पर पति ने अपनी पत्नी का खून बहा दिया। लिव-इन-रिलेशन में प्रेमी के साथ रहने वाली 31 वर्षीय आरती की उसके पति ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी पति मुखौटा लगाकर पहुंचा और गेट खोलते ही महिला के प्रेमी पर गुलाल के साथ ही तेजाब फेंक दिया। फिर पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। मामले में प्रेमी बृजदीप की ओर से तहरीर दी गई है।
आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला रेती निवासी मनमोहन पांडेय से करीब दस साल पहले आरती का विवाह हुआ था। दोनों की सात साल की एक बेटी भी है। दोनों के बीच अनबन होने के बाद अलग हो गए थे। तलाक के लिए न्यायालय में अर्जी भी दी थी। जहां से छह महीने का समय मिला था। आरती बृजदीप के अधीन डाटा फीडिंग कार्य करती थी। इस बीच बृजदीप ने शादी करने का मन बना लिया। दोनों सहमति संबंध में रहते थे।
मुखौटा लगाकर आया था आरोपी
बृजदीप के अनुसार, वह दोनों जल्द ही शादी करने वाले थे। यह बात मनमोहन पांडेय को अखर रही थी। बुधवार की सुबह करीब छह बजे बृजदीप व आरती घर पर थे। बृजदीप ने बताया कि मनमोहन मुखौटा लगाकर आया था। दरवाजा खटकने पर वह खोलने आया। जैसे ही उसने गेट खोला। तभी मनमोहन अचानक से धक्का देते हुए घर में घुस आया। उसने पहले गुलाल फेंका, फिर जेब से तेजाब की बोतल निकालकर हमला कर दिया।
हाथों में पहन रखे थे ग्लब्स
बृजदीप के मुताबिक मनमोहन पूरी तैयारी के साथ आया था। तेजाब से बचने के लिए उसने हाथ में ग्लब्स पहन रखे थे। बृजदीप का चेहरा झुलसने पर शोर सुनकर आरती भी दौड़कर आ गई। उसने मनमोहन के ऊपर ईंट से हमला कर दिया। तभी बृजदीप ने उससे भागने के लिए कहा, लेकिन मनमोहन ने आरती को दौड़ाकर पकड़ लिया और धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।


