गोरखपुर। गोरखपुर के फ्लाइ इन होटल के मालिक अनुराग और हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध ओझा व उसकी पत्नी रूचि के खिलाफ बेतियाहाता की एक युवती ने शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि चार हजार रुपये देकर आरोपी उससे देह व्यापार कराते थे।
गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म कराने और उसे देह व्यापार के दलदल में धकेलने की आरोपी रेशमा खान को पुलिस ने रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। रेशमा के बयान के आधार पर गिरोह में शामिल उसके सहयोगी एक युवक और युवती को भी पुलिस ने शाहपुर इलाके से पकड़ा है। तीनों पर लड़कियों को चंगुल में फंसाकर देह व्यापार कराने का आरोप है।
रामगढ़ताल पुलिस ने पकड़ी गई चिलुआताल इलाके के फतेहपुर डिहवा की रेशमा खान (22), खोराबार के कुसम्ही बाजार ढोढ़रा पासी टोला की मुस्कान (40) और शिवपुर सहबाजगंज पादरी बाजार संगम चौराहा के श्रेय शुक्ला (22) से पूछताछ कर रविवार को तीनों जेल भिजवा दिया।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि रामगढ़ताल क्षेत्र की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना में रेशमा खान का नाम सामने आया था। दो जनवरी को रामगढ़ताल में केस दर्ज होने के बाद सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद से ही रेशमा भागी हुई थी। रेशमा को खोजने पुलिस टीम महराजगंज और प्रयागराज भी गई थी। रविवार को रामगढ़ताल क्षेत्र से ही उसे गिरफ्तार किया गया।
रेशमा ने अपना एक और नाम मनीषा भी रखा था। तीन साल से गिरोह के सरगना अनिरुद्ध ओझा से जुड़ी थी और लड़कियों को फंसाकर हुक्का बार में लाती थी। वहीं मुस्कान और श्रेय शुक्ला शाहपुर स्थित जेनिस बॉटल रेस्टोरेंट के हुक्का बार में देह व्यापार से संबंधित कस्टमर के आने पर उनका स्वागत करते थे। पहले से तय कमरों में कस्टमर को पहुंचाते थे। प्रतिदिन इसके लिए दोनों को 700 रुपये मिलते थे।
चार हजार देकर करवाते थे देह व्यापार, शाहपुर थाने में केस दर्ज
फ्लाइ इन होटल के मालिक अनुराग और हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध ओझा व उसकी पत्नी रूचि के खिलाफ बेतियाहाता की एक युवती ने शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि चार हजार रुपये देकर आरोपी उससे देह व्यापार कराते थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते थे। शाहपुर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देह व्यापार के इस मामले में यह चौथा केस है। इस मामले में अकेले शाहपुर थाने में तीन केस दर्ज हो चुके हैं। तीन मामलों में किशोरियों ने सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। इस मामले में दो आरोपियों अनुराग और अनिरुद्ध को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भिजवा चुकी है।
शहर के बेतियाहाता इलाके की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसकी उम्र 22 साल है। छह माह पहले कुछ रुपयों की जरूरत थी तो एक जानने वाले ने उसका संपर्क अनिरुद्ध ओझा से करवाया। अनिरुद्ध ओझा ने हफ्ते में दो दिन काम बताकर शाहपुर स्थित फ्लाई इन होटल में रख लिया। वहां पर अनिरुद्ध और अनुराग सिंह ने उससे देह व्यापार करवाने के लिए एक रात का 4000 रुपये देने को कहा। वह नहीं मानी तो अनुराग और अनिरुद्ध उसे जान से मारने की धमकी देकर देह व्यापार करवाने लगे।
युवती का आरोप है कि इस काम में अनिरुद्ध की पत्नी भी साथ देती थी। उसे अपने साथ अलग-अलग जगहों पर ले जाकर देह व्यापार करवाती थी। इस संबंध में एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि रेशमा को पकड़े जाने के बाद इस युवती के बारे में पता चला है। इसके बयान के आधार पर केस दर्ज करके जांच पड़ताल की जा रही है।
यह है मामला
शाहपुर स्थित हुक्का बार में तीन किशोरियों से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। तीनों किशोरियों ने केस दर्ज कराया फिर जांच शुरू हुई तो देह व्यापार का मामला भी सामने आया। पहला केस रामगढ़ताल इलाके की किशोरी ने दो जनवरी को रामगढ़ताल थाने में दर्ज कराया। इसके बाद शाहपुर थाने में कैंपियरगंज की किशोरी ने दस जनवरी और दूसरी देवरिया की किशोरी ने 13 जनवरी को परिवार के साथ पहुंचकर केस दर्ज कराया था।