गोवा । गोवा पुलिस की मादक पदार्थ निरोधक इकाई ने मंगलवार को गुजरात के रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पोरवोरिम में उसकी कार से 1.05 करोड़ रुपये मूल्य का एक किलोग्राम से अधिक संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, 31 वर्षीय आरोपी की पहचान सूरत निवासी रुचितकुमार वेकारिया के रूप में हुई है। विशेष सूचना के आधार पर 23 और 24 नवंबर की दरमियानी रात पोरवोरिम की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में छापा मारा गया। इसी दौरान उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, आरोपी की कार में छिपाकर रखे गए पारदर्शी पॉलीथिन पैकेट से 1,052.9 ग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। इसमें हरे रंग के पत्तेदार पदार्थ के साथ फूल और फल वाले ऊपरी हिस्से शामिल थे। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपये बताई गई है।
इस मामले में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मादक पदार्थ निरोधक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने और तस्करी के नेटवर्क में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
रूसी सेना में शामिल व्यक्ति की वापसी में सीमित भूमिका : केंद्र
केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि रूस की सेना में काम कर रहे भारतीय मूल के एक व्यक्ति को भारत वापस लाने में उसकी भूमिका सीमित हो सकती है। सरकार ने कहा कि उस व्यक्ति ने रूसी सेना में शामिल होने से पहले भारतीय नागरिकता छोड़ दी थी और रूस की नागरिकता हासिल कर ली थी। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ एक पिता की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पिता ने अपने बेटे को रूस-यूक्रेन युद्ध से वापस भारत लाने के लिए केंद्र को निर्देश देने की मांग की है। केंद्र की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि सरकार उसकी वापसी के लिए संभावित रास्ते तलाशेगी। इसमें मानवीय आधार पर मदद देने की संभावना भी शामिल है। हालांकि, उन्होंने कहा कि रूसी सेना में रूसी नागरिक के रूप में शामिल होने के कारण वहां के अधिकारी उसके बारे में जानकारी देने से इनकार कर सकते हैं।
फिनाले से पहले ही विवादों में घिरी मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता
मिस यूनिवर्स की 75वीं प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले आज होना है, लेकिन दुनिया की सबसे चर्चित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में शामिल यह आयोजन ताज पहनाने से पहले ही विवादों में घिर गया है। संगठन के मालिकाना हक को लेकर दो गुटों के बीच खींचतान, छह देशों की प्रतिभागियों को बाहर किए जाने और निर्णायक मंडल की पारदर्शिता पर उठे सवालों ने प्रतियोगिता की साख पर असर डाला है।
विवाद की बड़ी वजह संगठन का दो हिस्सों में बंटना है। एमयू ईस्ट और एमयू वेस्ट के बीच नियंत्रण को लेकर मतभेद हैं। इसका असर राष्ट्रीय फ्रेंचाइजी पर भी पड़ा है। थाईलैंड, वियतनाम, लाओस, सिंगापुर, इंडोनेशिया और मलेशिया की प्रतिभागियां फ्रेंचाइजी विवाद के चलते इस बार प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पा रही हैं। इसके अलावा नेपाल और कुछ अफ्रीकी देशों की प्रतिभागियों को अमेरिकी वीजा संबंधी अड़चनों का सामना करना पड़ा है।
निष्पक्षता पर फिर सवाल
पिछले साल निर्णायक के इस्तीफे, वोटिंग में गड़बड़ी के आरोप और प्रतिभागियों के विरोध से प्रतियोगिता विवादों में रही थी। इस बार भी निर्णायकों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं और स्वतंत्र ऑडिट एजेंसी की भूमिका खत्म हो चुकी है। इससे विजेता के चयन पर सवाल उठ रहे हैं।


