वाराणसी। भेलूपुर थाना पुलिस ने एटीएम मशीन में प्लेट लगाकर ग्राहकों के रुपये फंसाने और बाद में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बीएचयू कॉलोनी के बैजनत्था-बिरदोपुर क्षेत्र से सभी आरोपियों को दबोचा।
उनके कब्जे से 39,800 रुपये, चोरी में इस्तेमाल होने वाली चार लोहे की प्लेटें, सफेद टेप और काले रंग का मोटा कागज बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र निवासी हिमांशु सिंह, आदर्श कुमार, सचिन कुमार, अभय राजपूत, राजकुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह काफी समय से एटीएम में तकनीकी छेड़छाड़ कर लोगों को निशाना बना रहा था।
डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने बताया कि आरोपी एटीएम मशीन के कैश डिस्पेंसर (शटर) के पास विशेष प्रकार की लोहे की पट्टी लगा देते थे। जब कोई ग्राहक पैसे निकालता था तो नकदी उसी पट्टी में फंस जाती थी। ग्राहक पैसे न निकलने पर एटीएम से चला जाता था और बाद में आरोपी मौके पर पहुंचकर फंसे हुए रुपये निकाल लेते थे। बरामद लोहे की प्लेटें, टेप और काला मोटा कागज इसी वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल किए जाते थे।
पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास
मामले का खुलासा तब हुआ जब हिटाची कंपनी के चैनल एग्जीक्यूटिव सत्येंद्र शर्मा ने भेलूपुर थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। उनकी कंपनी भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम के संचालन का कार्य देखती है। शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई की रात ककरमत्ता स्थित एसबीआई एटीएम में भी इसी तरीके से रुपये चोरी किए गए थे।
पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी प्रिंस कुमार के खिलाफ वर्ष 2025 में फतेहपुर के मलवां थाने में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
भेलूपुर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और प्रदेश के अन्य जिलों में इस तरह की वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।


