कानपुर । कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत शगुनपुर गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पीछे बने तालाब के पास गए दिव्यांग की पानी में डूबने से मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजनों और पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक का विवाह आगामी नवंबर महीने में तय हुआ था। हादसे के बाद से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने देखा तो मच गया कोहराम
प्राप्त जानकारी के अनुसार शगुनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय विजय बहादुर उर्फ मंझिल पुत्र स्व. पराग पासवान रविवार रात करीब 09 बजे घर के पीछे बने तालाब की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में थे और तालाब किनारे उनका शारीरिक संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह सीधे गहरे पानी में जा गिरे। काफी देर तक जब विजय बहादुर घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। पीछे जाकर देखने पर वह तालाब के पानी में औंधे मुंह पड़े मिले, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
काशीराम अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की तुरंत सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची नरवल थाना पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से विजय बहादुर को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें काशीराम अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चार भाइयों में बीच के थे विजय बहादुर
परिजनों ने बताया कि मृतक विजय बहादुर चार भाइयों में बीच के थे और पिता की मौत के बाद अपनी वृद्ध मां रामदुलारी के साथ गांव में ही रहते थे। आगामी नवंबर माह में उनका विवाह होना तय हुआ था, जिसको लेकर परिवार में तैयारियों का माहौल था। इस दुखद हादसे के बाद शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


