बिल्डर के कर्ज की किस्तें नहीं चुकाने पर घर खरीदारों से वसूली करने वाले बैंकों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। शीर्ष अदालत ने बृहस्पतिवार को एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, सम्मान कैपिटल और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस को अपने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की बिना शर्त मंजूरी एक सप्ताह में देने का आदेश दिया।
ऐसा नहीं करने पर इन संस्थानों के चेयरमैन और प्रबंध निदेशकों को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा।
मंजूरी नहीं देने पर अधिकारियों को देना होगा जवाब
सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची व जस्टिस वी मोहन की पीठ ने कहा कि तय समय में मंजूरी नहीं देने पर अधिकारियों को बताना होगा कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए। सबवेंशन योजना में बैंक स्वीकृत कर्ज सीधे बिल्डर के खाते में भेजते हैं।
त्रिपक्षीय समझौते में भुगतान की जिम्मेदारी बिल्डर की
फ्लैट का कब्जा मिलने तक बिल्डर को खरीदार की ओर से ईएमआई चुकानी होती है। आरोप है कि बिल्डरों ने भुगतान नहीं किया तो बैंकों ने खरीदारों से वसूली शुरू कर दी, जबकि त्रिपक्षीय समझौते में भुगतान की जिम्मेदारी बिल्डर की थी।
55 मामलों में से 25 की जांच पूरी, सीबीआई को निर्देश क्या?
सीबीआई की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने बताया कि 55 मामलों में से 25 की जांच पूरी हो चुकी है। एजेंसी 22 आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और तीन मामलों में क्लोजर रिपोर्ट दी है। पीठ ने सीबीआई को शेष जांच दो सप्ताह में पूरी करने का निर्देश दिया। अदालत ने मुकदमों के लिए भी समयसीमा तय करने और देरी की रणनीति बर्दाश्त नहीं करने की बात कही।


