शीशगढ़ । बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गोकिलपुर गांव में दो किशोरों ने सोमवार रात साथ में शराब पी, फिर दोनों में बहस होने लगी। एक किशोर का भाई उसे बचाने गया तो दूसरे किशोर ने उसकी गर्दन चाकू से रेत दी। जिससे उसकी मौत हो गई। देर रात ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
गांव की आरती देवी ने बताया कि उनके बड़े बेटे हरदेव का घर के बाहर दूसरे किशोर से विवाद हो गया था। उनका छोटा बेटा अर्जुन (16 वर्ष) अपने भाई को बचाने पहुंचा। इस दौरान दूसरे किशोर ने उनके अर्जुन की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। गला आगे से रेते जाने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। किशोर की मौत से गुस्साए परिजनों ने आरोपी किशोर को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले गई। दादा रामचंद्र ने बताया कि पांच भाइयों में अर्जुन तीसरे नंबर का था। वह कक्षा पांच तक पढ़ा था।
पुलिसकर्मियों को कर लिया घर में बंद
अर्जुन के परिजन इतने गुस्से में थे कि आरोपी किशोर को छुड़ाने पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी घर में बंद कर लिया। पुलिसकर्मी दीवार कूदकर घर में दाखिल हुए और लोहे का दरवाजा खुलवाकर आरोपी को थाने ले गए। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आला कत्ल (चाकू) भी बरामद कर लिया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया है।


