नई दिल्ली । राजधानी के प्रसिद्ध झंडेवाला देवी मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्रि को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर समिति की ओर से आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रस्टी रविंद्र गोयल ने बताया कि नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि भक्तों को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सकें।
रविंद्र गोयल ने बताया कि भारतीय परंपरा के अनुसार सनातन नव वर्ष का आरंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से होता है।
इस अवसर को विशेष बनाने के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से “भक्ति उदयः प्रभात भक्ति संगत” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम पहली बार प्रातःकाल आयोजित होगा, जिसकी शुरुआत सूर्योदय की प्रथम किरण को अर्घ्य अर्पित कर की जाएगी। इसके बाद सुबह 6:30 बजे से 11 बजे तक भक्तिमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम में भजन क्लबिंग के माध्यम से भक्ति संगीत, शास्त्रीय सुरों और युवा ऊर्जा का संगम देखने को मिलेगा।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को भारतीय संस्कृति और परंपरा से जोड़ना है। नवरात्रि के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए वैज्ञानिक प्रणाली लागू की गई है। इसके तहत बहुस्तरीय बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास के अलग मार्ग, मल्टीपल दर्शन कॉरिडोर और क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन दर्शन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।


