नई दिल्ली । शाहदरा के बिहारी कॉलोनी स्थित एमसीडी पार्किंग में शुक्रवार शाम एक कार में आग लग गई। आग तेजी से फैली और वहां खड़ी कई गाड़ियों को अपने चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग में दस कारें, एक स्कूटी और दो बाइक जलकर खाक हो गई। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
दमकल विभाग के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब 4.57 बजे आग लगने की जानकारी मिली। वहां कारों से आग की लपटें निकल रही थी। दमकल कर्मियों ने देखा कि आग वहां खड़ी कई वाहनों में लगी है और तेजी से फैल रही है।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। जांच करने पर पता चला कि आग में दस कारें, दो बाइक और एक स्कूटी पूरी तरह से जलकर खाक हो गई है।
बैंक्वेट हाॅल में लगी आग, कोई हताहत नहीं
अलीपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक बैंक्वेट हॉल में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे परिसर में धुएं का गुबार फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गईं।
दमकल विभाग के मुताबिक, सुबह करीब 7.40 बजे अलीपुर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही आस पास के फायर स्टेशनों से दमकल की 18 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग बैंक्वेट हॉल में रखे टेंट और सजावटी सामान में लगी थी, जिसने कुछ ही देर में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 9 बजे आग पर काबू पा लिया।
आग में बैंक्वेट हॉल के अंदर रखा फर्नीचर, टेंट का सामान और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के बाद इलाके में काफी देर तक धुआं फैलता रहा। पुलिस ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।


