नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर पर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर साफ नजर आ रहा है। अर्नब के उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से संपर्क में आने के कारण मौसम में अचानक बदलाव हो गया है। आज तड़के सुबह बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। आईएमडी के अनुसार, आज सुबह और पूर्वाहन के समय हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इससे शहर के तापमान में गिरावट आने के आसार हैं, जिससे ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
नोएडा में बारिश से बदला मौसम, तापमान 21 डिग्री पहुंचा
चक्रवाती तूफान के प्रभाव के बीच गुरुवार सुबह नोएडा में मौसम ने करवट ली। सेक्टर-120 में बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही तापमान गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई। सुबह के समय आसमान में बादल छाने और बारिश होने से लोगों को मौसम में बदलाव महसूस हुआ। दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम का मिजाज बदलने के बीच नोएडा में बारिश ने दस्तक दी है।
आंध्र प्रदेश और आसपास के तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान के प्रभाव के बाद मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है। तूफान के आगे बढ़ने और कमजोर पड़ने के साथ उसके प्रभावों पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, नोएडा में हो रही बारिश का चक्रवाती तूफान से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि मौसम विभाग के आधिकारिक अपडेट से ही हो सकेगी।
सेक्टर-120, 12, 121, 117, 119, 62 में बारिश शुरू होने के साथ तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने से सुबह मौसम ठंडा हो गया। बारिश के चलते दिन के तापमान में भी बदलाव की संभावना है। लोगों को अब मौसम विभाग के पूर्वानुमान और बारिश की स्थिति पर नजर रखनी होगी।
मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली समेत एनसीआर में आज से अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर
आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और उत्तर भारत का पश्चिमी विक्षोभ इसकी मुख्य वजह हैं। इससे दो दिनों तक दिल्ली-एनसीआर मौसमी दशाओं के तेज बदलाव के दौर से गुजरेगा। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इस सबका मिला-जुला असर तापमान में गिरावट के तौर पर दिखेगा।
आज और कल दिल्ली समेत एनसीआर में ऐसे रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्तूबर की सुबह और दोपहर में हल्की बारिश के एक से अधिक दौर आने की संभावना है। कई स्थानों पर बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री तक नीचे रह सकता है, जिससे दिन में मौसम ठंडा महसूस होगा।
अगले दिन शुक्रवार, 30 अक्तूबर को भी मौसम में बदलाव जारी रहेगा। आसमान में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं। सुबह से दोपहर बाद तक हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री ऊपर 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अगले दो दिनों तक इसमें तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आने का अनुमान है, जिससे दिल्लीवालों को सर्द मौसम का अहसास होगा।


