नई दिल्ली । दिल्ली के महरौली क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस आरोपी बबलू को घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने और वारदात की कड़ियां जोड़ने के लिए मंडी रोड स्थित उस स्थान पर लेकर गई थी, जहां से उसने बच्ची का अपहरण किया था।
पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने के दौरान आरोपी ने अचानक एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीन ली और भागने का प्रयास किया। जब पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। आरोपी के पैर में गोली लगने से काफी खून बह गया है और उसकी हालात गंभीर बनी हुई है।
गौरतलब है कि महरौली के छतरपुर एक्सटेंशन में सोमवार सुबह एक 11 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया गया था। बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी, तभी आरोपी उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड स्थित जंगल में फेंक दिया।
इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब छह घंटे के भीतर मुख्य आरोपी, जो पेशे से कैब ड्राइवर बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया था।


