शाहजहांपुर। मंडियों में गेहूं की आवक बढ़ गई है। आढ़तों पर गेहूं का भाव सरकारी समर्थन मूल्य से कम होने के बाद भी किसान क्रय केंद्रों की बजाय आढ़तों पर गेहूं बेच रहे हैं, क्योंकि सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं को नम बता दिया जाता है। इस वजह से किसान कम दामों में आढ़तों पर गेहूं बेच रहा है।
सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद हो, इसके लिए सरकार पूरे प्रयास कर रही है। इसके बाद भी सरकारी खरीद में तेजी नहीं आ रही है। रोजा मंडी में सोमवार को निजी खरीद के भाव 2265 रुपये प्रति क्विंटल खुले। जो कि शाम होते-होते 2231 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। इसके बाद भी किसानों की भीड़ आढ़तों पर देखी गई।
रोजा मंडी में सोमवार को करीब 28 हजार क्विंटल आवक हुई। इसमें सरकारी क्रय केंद्रों पर 11 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हुई। बाकी आढ़तों पर गेहूं की खरीद हुई। सोमवार तक 200 सरकारी क्रय केंद्रों पर 2790.816 टन खरीद हुई। अब तक 1284 किसानों से 8832.035 टन खरीद हो चुकी है।