उज्जैन । सावन के पावन महीने में अवंतिका नगरी एक बार फिर अलौकिक और ऐतिहासिक दृश्य की साक्षी बनने जा रही है। आगामी 17 अगस्त (सोमवार) को नागपंचमी के महापर्व पर श्री महाकालेश्वर मंदिर के शीर्ष पर स्थित भगवान श्री नागचंद्रेश्वर के पट पूरे एक साल बाद खोले जाएंगे।
इस बार का संयोग बेहद अद्भुत है, क्योंकि नागपंचमी के दिन ही सावन का तीसरा सोमवार भी है। यानी श्रद्धालुओं को एक ही दिन भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के साथ-साथ बाबा महाकाल की दिव्य सवारी का पुण्य लाभ भी मिलेगा। इस दुर्लभ संयोग के चलते धार्मिक नगरी उज्जैन में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने का अनुमान है। प्रशासन और मंदिर समिति ने आस्था के इस महाकुंभ को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
24 घंटे के लिए दर्शन का अलौकिक अवसर
भगवान श्री नागचंद्रेश्वर के पट 16 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे से 17 अगस्त की रात 12 बजे तक यानी पूरे 24 घंटे के लिए खुले रहेंगे।
प्रथम पूजन: 16 अगस्त की रात 11:30 बजे से 12:00 बजे के बीच महंत पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा द्वारा पट खुलने के साथ ही मुख्य पूजन होगा।
शासकीय व संध्या आरती पूजन: 17 अगस्त दोपहर 12 बजे शासकीय पूजन होगा, जिसके बाद शाम की आरती के समय मंदिर के पुजारी और पुरोहित विधि-विधान से अर्चन करेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए चाक-चौबंद इंतजाम लाखों की संख्या में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए शहर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
सुगम पार्किंग: बाहर से आने वाले वाहनों के लिए हरिफाटक पुल के पास मेघदूत पार्किंग, कर्कराज महादेव मंदिर के समीप, कार्तिक मेला ग्राउंड और बड़नगर रोड (धन उपार्जन केंद्र) को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है।
लड्डू प्रसाद और जूता स्टैंड: भक्तों को महाप्रसाद के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए हरसिद्धि पाल, भील समाज धर्मशाला और कर्कराज पार्किंग पर अस्थायी लड्डू प्रसाद काउंटर और जूता स्टैंड बनाए गए हैं।
स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस सेवा: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए परिसर और मुख्य मार्गों पर डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। कर्कराज, बड़ा गणेश और त्रिवेणी सरफेस पार्किंग जैसे प्रमुख पॉइंट पर चौबीसों घंटे एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी।
दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर: बुजुर्ग और दिव्यांग भक्तों की सहायता के लिए जूता स्टैंड व प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों के पास व्हीलचेयर और सहायक कोटवारों की ड्यूटी रहेगी।
हेल्पडेस्क और स्काउट्स: भटकने या बिछड़ने पर मदद के लिए स्काउट एंड गाइड द्वारा खोया-पाया और पूछताछ केंद्र संचालित किए जाएंगे।


