कोच्चि। देश कोच्चि में एक महिला और उसके पुरुष साथी ने मिलकर पहले तो राहगीरों को चाकू दिखाकर डराया। बाद में जब पुलिस गिरफ्तारी के लिए आई तो महिला बहस पर उतर आई और गिरफ्तारी के दौरान पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया।
केरला के कोच्चि से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां गुरुवार को एक 23 वर्षीय महिला और इसके 27 वर्षीय पुरुष दोस्त को पुलिस अधिकारियों को उनकी ड्यूटी करने से रोकने और पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। यह घटना पलारीवट्टोम के पास रात करीब 12:30 बजे हुई, जब पुलिस को सूचना मिली कि दो लोग पलारीवट्टोम संस्कार जंक्शन के पास चाकू दिखाकर राहगीरों को परेशान कर रहे हैं और उन्हें डरा रहे हैं।
महिला ने तोड़ी पुलिस जीप की खिड़की
जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दोनों के बीच बहस हो गई। इस पर महिला को हिरासत में नहीं लिया गया क्योंकि टीम में महिला अधिकारी नहीं थी। बाद में महिला ने पुलिस के एक अधिकारी को उसे पकड़ने से रोका और फिर उसने पुलिस जीप की एक खिड़की तोड़ दी।
पुलिस ने दी जानकारी
मामले में पुलिस ने बताया कि इस हमले में पुलिस जीप को 15,000 रुपये का नुकसान हुआ। इसके बाद महिला को भी हिरासत में ले लिया गया और दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। आरोपों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 (लोक सेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए आपराधिक बल का प्रयोग), 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील शब्द बोलना), 3(5) (कई व्यक्तियों द्वारा आपराधिक कृत्य), 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 324(3) (शरारत) और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धाराएं शामिल हैं।