मंडला । मंडला के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों के साथ करंट फैलने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में करीब 7 से 8 युवक सो रहे थे।
शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे पंडाल में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।
मृतकों की पहचान जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है। घायलों में प्रियांशु शामिल है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, दो घायलों का नैनपुर अस्पताल में उपचार चल रहा है। गणेश प्रतिमा हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में स्थापित की गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।


