औरैया । औरैया जिले में बुधवार तड़के अजीतमल पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुबारक हुसैन उर्फ राजा को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताई है। एएसपी आलोक मिश्रा ने बताया की बुधवार रात अजीतमल थाना क्षेत्र के भीखेपुर-जुआ मार्ग पर संयुक्त पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो वह भागने लगा, आगे जाकर फिर बाइक फिसल गई। इस दौरान आरोपी ने थाना प्रभारी की जीप पर फायर किया।
ये सामान हुआ बरामद
एएसपी ने बताया की पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली मार कर और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी की पहचान मुबारक हुसैन उर्फ राजा निवासी इस्लामनगर, बाबरपुर अजीतमल, औरैया के रूप में हुई है।


