दिल्ली । गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक पुलिस आयुक्त मनस्वी वशिष्ठ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निलंबन सोमवार को पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद किया गया है। दिल्ली पुलिस कर्मियों द्वारा यह विरोध-प्रदर्शन किया गया था। यह कार्रवाई पुलिस कर्मियों और वकीलों के बीच चल रहे विवाद के बीच हुई है।
इस विवाद का मूल कारण शाहदरा पुलिस स्टेशन की एक घटना है।
घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। इस पूरे घटनाक्रम से दिल्ली पुलिस विभाग में काफी हलचल मच गई है। गृह मंत्रालय ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।
दरअसल शाहदरा थाने में पुलिस और वकीलों के बीच झड़प के बाद दो पुलिसकर्मियों के तबादले के विरोध में सोमवार सुबह दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर करीब 500 पुलिसकर्मी जमा हुए थे। इनमें महिला अधिकारी भी शामिल थीं।
500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने पुलिस मुख्यालय का किया घेराव
पुलिस मुख्यालय और उसके आसपास के इलाके में धारा 163 लागू होने के बावजूद एसीपी मनस्वी वशिष्ठ के नेतृत्व में सैकड़ों पुलिसकर्मी सड़क किनारे धरने पर बैठे थे। इलाके में चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध था। ऐसे में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने के बावजूद पुलिसकर्मी धरने पर बैठे थे।


