नई दिल्ली । उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के महेंद्र पार्क के आजादपुर सब्जी मंडी इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की शिनाख्त दुर्गा के रूप में हुई है। बच्ची सब्जी बेच रही अपनी मां के पास सड़क किनारे सो रही थी, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन को मौके पर छोड़कर चालक भाग गया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बच्ची अपनी मां निर्मला देवी, पिता अशोक मंडल और छह भाई बहन के साथ केला गोदाम शालीमार बाग की झुग्गी में रहती थी। मूलत: भागलपुर बिहार के रहने वाली उसकी मां आजादपुर सब्जी मंडी में प्याज बेचती है, जबकि उसके पिता मजदूरी करते हैं। उसकी मां आजादपुर सब्जी मंडी की प्याज मंडी में सड़क किनारे प्याज बेचती थी। महेंद्र पार्क थाने में दर्ज प्राथमिकी में निर्मला देवी ने बताया कि सोमवार को करीब 3.30 बजे दोपहर उन्होंने अपनी एक साल की सबसे छोटी बेटी दुर्गा को अपने पास सड़क की ओर सुला कर प्याज बेच रही थी। वह अपने काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान गेट नंबर-1 की ओर से एक ट्रक चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया। ट्रक का अगला बायां पहिया सो रही बच्ची के ऊपर चढ़ा दिया।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। मां के शोर मचाने पर चालक ट्रक छोड़कर वहां से भाग गया। पड़ोसी पल्लेदार कुलदीप की मदद से निर्मला देवी ने घायल बेटी के बैटरी रिक्शा से बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उत्तर पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि अस्पताल से शाम 4.30 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली।अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


