नई दिल्ली । कांवड़ यात्रा के चलते शाहदरा जीटी रोड पर आम वाहनों की आवाजाही 12 अगस्त तक बंद रहेगी। अप्सरा बॉर्डर से कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले मार्ग को यातायात पुलिस ने बंद किया है। इसके चलते आनंद विहार, सीमापुरी, विवेक विहार, शाहदरा, वजीराबाद रोड, स्वामी दयानंद मार्ग और लोनी रोड समेत यमुनापार की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।
पांच मिनट का सफर पूरा करने में वाहन चालकों को करीब आधे घंटे लग रहे हैं।
यातायात पुलिस उपायुक्त के. रमेश ने बताया कि अप्सरा बॉर्डर के गोलचक्कर को बंद कर दिया गया है। आनंद विहार और सीमापुरी की तरफ से आने वाले वाहनों को जीटी रोड पर नहीं आने दिया जा रहा है। इन वाहनों को अंडरपास के रास्ते निकाला जा रहा है। वहीं, विवेक विहार और जगतपुरी से कैशव चौक की ओर आने वाले वाहनों को भी जीटी रोड पर जाने की अनुमति नहीं है। वहीं सीलमपुर और धर्मपुरा लालबत्ती को खुला रखा जाएगा। वहीं, शास्त्री पार्क चौक से गीता कॉलोनी और पुरानी दिल्ली की ओर भी जाया जा सकेगा। हालांकि, इस रास्ते से कश्मीरी गेट की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे।
आनंद विहार और सीमापुरी से आने वाली बसों के बदले रूट :
शाहदरा जीटी रोड बंद होने के कारण आनंद विहार और सीमापुरी से कश्मीरी गेट जाने वाली बसों को भी दूसरे मार्गों से भेजा जाएगा।
कल से प्रगति मैदान के आसपास यातायात बाधित
प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले भारत व्यापार महोत्सव की वजह से आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी सोशल मीडिया साइट एक्स पर साझा करते हुए वाहन चालकों को इस दौरान मथुरा रोड और भैरों मार्ग से बचने और रिंग रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही कहा कि सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक मथुरा रोड, भैरों मार्ग और आसपास की सड़कों पर किसी भी वाहन को रुकने या पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। इन सड़कों पर वाहन खड़े पाए जाने पर वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी। हटाए गए वाहनों को भैरों मार्ग स्थित भैरों मंदिर के सामने बने ट्रैफिक पिट में रखा जाएगा।


