नई दिल्ली । एम्स दिल्ली को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ 25 अस्पतालों में छठा स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर फैकल्टी एसोसिएशन ऑफ एम्स ने खुशी जाहिर की है। वर्ष 2026 की ब्रांड फाइनेंस अकादमिक मेडिकल ने यह रैंक जारी है। स्वास्थ्य पेशेवरों के सर्वेक्षण से प्राप्त 30 से अधिक मापदंडों का उपयोग करते हुए स्वास्थ्य केंद्रों का मूल्यांकन किया गया है।
इसमें एम्स दिल्ली को सर्वश्रेष्ठ 25 ब्रांड अस्पतालों की सूची में छठा स्थान मिला है।
एम्स दिल्ली को चिकित्सा संस्थानों की सूची में सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल और क्लीवलैंड क्लीनिक से ऊपर का दर्जा मिला है। इस सूची में टाटा मेमोरियल अस्पताल को 13वां स्थान मिला है। फैकल्टी एसोसिएशन ऑफ एम्स के अनुसार यह सम्मान मरीजों की सेवा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध का प्रमाण है।
एम्स के रेडियो डायग्नोसिस और इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विभाग में सहायक प्रो. डॉ. अमरिंदर सिंह मल्ही ने कहा कि यह उपलब्धि एम्स के हर सदस्य फैकल्टी, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, छात्र और गैर-चिकित्सकीय कर्मचारी के सामूहिक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है। आने वाले समय में भी एम्स इसी तरह उत्कृष्टता की मिसाल कायम करता रहेगा।


