नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में लोगों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में पार्किंग तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो इसके लिए दिल्ली यातायात पुलिस ने टेक्नोलॉजी का सहारा लिया है। यातायात पुलिस ने समारोह के लिए चिन्हित पार्किंग के लिए क्यूआर कोड जारी किए हैं।
दर्शक क्यूआर कोर्ड को अपने मोबाइल से स्कैन कर सीधे पार्किंग तक पहुंच सकते हैं। इसी तरह की टेक्नोलॉजी गत गणतंत्र दिवस के दौरान भी अपनाई गई थी।
दिल्ली यातायात पुलिस की सेंट्रल रेंज के पुलिस उपायुक्त निशांत गुप्ता ने बताया कि यातायात पुलिस ने 15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले तय पार्किंग जगहों को डिजिटल रूप से मैप करने के लिए गूगल मैप और मैप्पल के साथ मिलकर काम किया है। उन्होंने बताया कि इस पहल का मकसद आने वाले लोगों और खास मेहमानों को पार्किंग की जानकारी आसानी से देना, गाड़ियों की गैर-जरूरी आवाजाही को कम करना और लोगों को डिजिटल मैप के जरिए सीधे अपनी तय पार्किंग जगहों तक पहुंचाने में मदद करना है। लाल किले के आस-पास सात तय पार्किंग जगहों को गूगल मैप पर मैप किया गया है।
पुलिस उपायुक्त गुप्ता ने बताया कि मैप के लिए हर तय पार्किंग जगह के लिए क्यू आर कोड बनाए गए हैं, ताकि आसानी से स्कैन करके और नेविगेट करके वहां पहुंचा जा सके। उन्होंने बताया कि ये पूरी जानकारी दिल्ली यातायात पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल - @dtptraffic पर उपलब्ध है। टेक्नोलॉजी पर आधारित यह पहल दिल्ली यातायात पुलिस की उन कोशिशों का हिस्सा है, जिनमें डिजिटल टूल्स, लोकेशन टेक्नोलॉजी और रियल-टाइम नेविगेशन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक मैनेजमेंट को बेहतर बनाया जाता है और लोगों की सुविधा बढ़ाई जाती है।


