नई दिल्ली । दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार को निचली अदालत के सात न्यायाधीश पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। इसके साथ ही हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी।मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय न्यायिक अधिकारियों निवेदिता अनिल शर्मा, निशा सहाय सक्सेना, संजय शर्मा, भरत पराशर, अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज को शपथ दिलाएंगे।
ये सभी दिल्ली की जिला न्यायपालिका में न्यायिक अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।
शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 10 बजे हाईकोर्ट परिसर में आयोजित किया जाएगा। केंद्र सरकार ने इन सात न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति की अधिसूचना 19 सितंबर को जारी की थी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इन अधिकारियों की नियुक्ति की सिफारिश की थी।
दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के स्वीकृत पदों की संख्या 60 है। सात नए न्यायाधीशों की नियुक्ति के बाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की वर्तमान संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी।


