नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं के पोस्ट-रिजल्ट सर्विसेज के तहत पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) और सत्यापन के परिणाम जारी करने शुरू कर दिए हैं। बोर्ड ने बताया कि उम्मीदवार अपने संशोधित अंकपत्र (Marksheet) डिजिलॉकर के माध्यम से देख सकते हैं।
ऐसे करें अपडेटेट मार्कशीट डाउनलोड
सीबीएसई के अनुसार, 21 जून 2026 से परिणाम चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं। जिन छात्रों के अंकों में पुनर्मूल्यांकन या सत्यापन के बाद बदलाव हुआ है, वे डिजिलॉकर पोर्टल पर जाकर अपनी अपडेटेड मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
87 प्रतिशत छात्रों के परिणाम जारी
बोर्ड ने बताया कि पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन के लिए आवेदन करने वाले करीब 87 प्रतिशत छात्रों के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। शेष उम्मीदवारों के परिणाम भी चरणबद्ध तरीके से जारी किए जाएंगे और पूरी प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
13 मई को जारी हुआ था परिणाम
गौरतलब है कि सीबीएसई ने 13 मई 2026 को कक्षा 12वीं का परिणाम घोषित किया था, जिसमें लगभग 17.69 लाख छात्र शामिल हुए थे। परिणाम जारी होने के बाद बोर्ड ने 19 मई से 25 मई तक छात्रों को अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की सुविधा दी थी। इसके बाद 2 जून से 7 जून तक पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन के लिए आवेदन मांगे गए थे।
पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी
सीबीएसई ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन, आईआईटी कानपुर और आईआईटी मद्रास के तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में संचालित किया गया। इन संस्थानों ने सिस्टम को अनधिकृत और साइबर हमलों से सुरक्षित रखने में सहयोग किया।
परिणाम डिजिलॉकर पर देख सकते
बोर्ड के मुताबिक, जिन मामलों में छात्रों की आपत्तियां सही पाई गईं, वहां उत्तर पुस्तिकाओं का पुनः परीक्षण कर अंकों में आवश्यक संशोधन किया गया है। छात्र अपने आवेदन की स्थिति और परिणाम डिजिलॉकर पर देख सकते हैं।


