जयपुर । जयपुर शहर के कालवाड़ रोड पर मंगलम सिटी में नूडल्स खाने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी 18 वर्षीय बड़ी बहन की तबीयत बिगड़ गई। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस इस मामले को फूड पॉइजनिंग का मान रही है। सूचना मिलने के बाद करधनी थाना पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
नूडल्स खाने के बाद सो गई थीं दोनों बहनें
मूल रूप से दौलतपुरा के लक्ष्मीनारायणपुर निवासी स्वर्गीय गामराज कुमावत की सात वर्षीय पुत्री पीहू अपने परिवार के साथ मंगलम सिटी में रह रही थी। बच्चे पास ही स्थित विकास किराना स्टोर से 60 रुपये का नूडल्स पैकेट खरीदकर लाए थे। सुबह 14 वर्षीय भाई समर ने आधा पैकेट नूडल्स बनाकर खाया और शेष हिस्सा अपनी बहनों के लिए गैस पर ही छोड़ दिया। इसके बाद दोपहर 18 वर्षीय दिव्यांशी और उसकी सात वर्षीय बहन पीहू नूडल्स खाकर सो गईं। शाम जब मां मीना घर लौटीं, तो उन्होंने दोनों बच्चियों को जगाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित किया
मां के जगाते ही बड़ी बहन दिव्यांशी को उल्टी होने लगी, जबकि सात वर्षीय पीहू नहीं जागी। परिजन तुरंत दोनों बच्चियों को मंगलम सिटी के पास स्थित एक अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पीहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिव्यांशी को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया। सूचना मिलने पर करधनी थाने के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक धर्मेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।
मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद स्थिति होगी साफ
मृतका के पिता दिनेश कुमावत ने बताया कि फरवरी 2025 में उनकी शादी मीना से हुई थी। वह पेंट ठेकेदारी का कार्य करते हैं और अपने परिवार के साथ कालवाड़ रोड पर रह रहे हैं। वह और उनकी पत्नी सिद्धि विनायक अस्पताल में भर्ती अपने बेटे गोविंद की देखभाल के लिए गए थे। उस समय घर पर 18 वर्षीय दिव्यांशी, 17 वर्षीय गुलशन, 14 वर्षीय समर और सात वर्षीय पीहू ही मौजूद थे। करधनी थाना प्रभारी सवाई सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है।


