शिमला । हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हिंदूवादी संगठनों का उग्र प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी ढली टनल पर बैरिकेड्स तोड़कर संजाैली बाजार पहुंचे। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें एक पुलिस कर्मी के साथ कई प्रदर्शनकारी भी घायल हुए हैं। माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की, एक महिला कांस्टेबल घायल
मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में संजौली में दो जगह प्रदर्शन हो रहा है। एक प्रदर्शन मस्जिद क्षेत्र के पास है, जहां ढली की ओर से आए प्रदर्शनकारियों को रोका गया है। दूसरा प्रदर्शन संजौली चौक पर हो रहा है, जहां छोटा शिमला, लक्कड़ बाजार की ओर से आए लोगों को रोका गया है। दोनों जगह माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है। नारेबाजी चल रही है। प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ हुई धक्कामुक्की में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
संजौली चौक पर जमकर नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों ने दोनों तरफ से पुलिस को घेर लिया है। संजौली चौक पर जमकर नारेबाजी हो रही है। प्रदर्शनकारी चाैक के दोनों ओर इकट्ठा हो गए हैं। बीच में पुलिस है। एंबुलेंस भी फंस गई है।
संजाैली में माहाैल तनावपूर्ण, प्रदर्शनकारियों पर फिर से लाठीचार्ज
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हिंदूवादी संगठनों का उग्र प्रदर्शन जारी है। माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है। संजौली चौक पर प्रदर्शनकारी फिर से भारी संख्या में जुट गए हैं। प्रदर्शनकारियों की ओर से फिर से बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की गई। इस पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए फिर से लाठीचार्ज किया।