मुंबई । महाराष्ट्र में गाय और भैंस दोनों के दूध की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी गई है। नई कीमतें 11 अगस्त 2026 से लागू होंगी। यह फैसला दुग्ध उत्पादक और प्रसंस्करण कल्याण संघ की ओर से लिया गया है।
क्यों बढ़ाई गई दूध की कीमत?
दुग्ध उत्पादक और प्रसंस्करण कल्याण संघ के अनुसार, पिछले कुछ समय में डीजल के दाम 10 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं, जिससे दूध के परिवहन का खर्च काफी बढ़ गया है। इसके अलावा, पैकेजिंग के खर्च में भी करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। साथ ही किसानों से खरीदा जाने वाला दूध भी महंगा हो गया है। इसको देखते हुए दूध की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा, दही-पनी जैस डेयर उत्पादों के दाम 10 फीसदी तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
आम जनता पर पड़ेगा सीधा असर
इससे फैसले के बाद अब राज्य में गाय के दूध की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, भैंस के दूध की कीमत 76 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 78 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
रक्षा बंधन और अन्य त्योहारों से पहले दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का आम परिवारों पर सीधा असर पड़ेगा। संघ का कहना है कि अगर वह यह फैसला नहीं लेता तो डेयरी उद्योग और दुग्ध उत्पादकों को काफी नुकसान झेलना पड़ता। इसी नुकसान की भरपाई के लिए यह फैसला लिया गया है।


