मेरठ । कांवड़ यात्रा के लिए मेरठ पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग , दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (गाजियाबाद से मेरठ दिशा में) और कांवड़ यात्रा नहर पटरी (चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग) पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था 29 जुलाई रात 12 बजे से 12 अगस्त तक लागू की जा सकती है।
पांच अगस्त रात से 12 अगस्त रात तक दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर हरिद्वार-मुजफ्फरनगर-मेरठ की दिशा में यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा सकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर आने वाले वाहनों का भी रूट परिवर्तित किया जाएगा।
मेरठ पुलिस ने यह रूट प्लान मेरठ जोन और अन्य आसपास के जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय के बाद तैयार किया है। एनएच-68 पर दो अगस्त आधी रात से हल्के एवं मध्यम वाहन मेरठ-मुजफ्फरनगर-हरिद्वार की दिशा में बाईं लेन पर टू-वे चलेंगे। इस मार्ग पर की दाहिनी लेन हरिद्वार से आने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी। कांवड़ियों की संख्या व अन्य स्थितियों के आधार पर यातायात प्लान में बदलाव किया जा सकता है। पुलिस अधिकारी यह भी जानकारी दे चुके हैं कि कांवड़ यात्रा गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नहीं चलेगी। कांवड़ यात्रा पुराने निर्धारित मार्गों पर ही चलेगी।
भारी वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन
29 जुलाई 2026 की रात्रि 12 बजे से भारी वाहनों का डायवर्जन प्रभावी होगा। अंबाला और यमुनानगर से उत्तराखंड जाने वाले वाहन एनएच-344 बाईपास से छुटमलपुर, चौकी मोहंड होते हुए देहरादून पहुंचेंगे। हरिद्वार जाने वाले वाहन छुटमलपुर से भगवानपुर और रुड़की होते हुए हरिद्वार जाएंगे।
राजस्थान, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा से सहारनपुर/उत्तराखंड जाने वाले वाहन डासना से पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे, खेकड़ा इंटरचेंज से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे द्वारा भेजे जाएंगे। दिल्ली से सहारनपुर/उत्तराखंड जाने वाले वाहन वजीराबाद पुल, आउटर रिंग रोड, कुंडली, राई (सोनीपत) से एनएच-1 होते हुए सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर से जाएंगे।
गाजियाबाद से यूपी गेट, एनएच-09 होते हुए डासना इंटरचेंज से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करेंगे। वे राई (सोनीपत) से एनएच-01 पर सोनीपत, पानीपत, करनाल, सहारनपुर बाईपास से छुटमलपुर होकर उत्तराखंड जाएंगे। दिल्ली/गाजियाबाद से अमरोहा/मुरादाबाद जाने वाले वाहन यूपी गेट, गाजीपुर बॉर्डर से डासना इंटरचेंज से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करेंगे। वे कोट गांव दादरी से चौकी जोखाबाद (सिकंदराबाद, बुलंदशहर) उतरकर भूड चौराहा, शिकारपुर, डिबाई, गंगा बैराज (नरौरा) होते हुए अमरोहा/मुरादाबाद जाएंगे।
मुरादाबाद से बागपत, शामली, करनाल जाने वाले वाहन बहजोई, बबराला, चौकी गंगा बैराज (गुन्नौर) से डिबाई जाएंगे। वे चौकी जोखाबाद (सिकंदराबाद) से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर बागपत, सोनीपत, पानीपत, करनाल और शामली की ओर जाएंगे।
दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हल्के/मध्यम वाहनों के लिए मार्ग
2 अगस्त 2026 की रात्रि 12 बजे से हल्के और मध्यम वाहनों के लिए डायवर्जन लागू होगा। राजस्थान, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, देहरादून, हरिद्वार जाने वाले वाहन डासना से पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे लेंगे। वे खेकड़ा इंटरचेंज से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे द्वारा देहरादून-सहारनपुर की ओर जाएंगे। दिल्ली से सहारनपुर/उत्तराखंड जाने वाले वाहन वजीराबाद पुल, आउटर रिंग रोड, कुंडली, राई (सोनीपत) से एनएच-1 होते हुए सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर से जाएंगे। गाजीपुर बॉर्डर से एनएच-09, यूपी गेट, डासना इंटरचेंज (गाजियाबाद) से पिलखुवा (हापुड़) जाएंगे। वे निजामपुर तिराहा, हापुड़ बाईपास, ततारपुर तिराहा-टियाला अंडरपास (हापुड़) से कस्बा किठौर (मेरठ) पहुंचेंगे। वहां से परीक्षितगढ़, छोटा मवाना, बहसूमा (मेरठ), रामराज (मुजफ्फरनगर), मीरापुर, जानसठ, सिखेड़ा, जानसठ बिलासपुर कट, भोपा बाईपास, पचेंडा बाईपास, रामपुर तिराहा, रोहाना (मुजफ्फरनगर), देवबंद (सहारनपुर) होते हुए चौकी आशारोड़ी देहरादून को जाएंगे। गाजियाबाद से बिजनौर जाने वाले मध्यम वाहन एनएच-09, डासना इंटरचेंज (गाजियाबाद) से पिलखुवा (हापुड़) जाएंगे। वे निजामपुर तिराहा (हापुड़ बाईपास), ततारपुर तिराहा-टियाला अंडरपास से कस्बा किठौर (मेरठ) पहुंचेंगे। वहां से परीक्षितगढ़, बड़ा मवाना, बहसूमा (मेरठ), रामराज (मुजफ्फरनगर), मीरापुर (मुजफ्फरनगर) से गंगा बैराज होते हुए बिजनौर जाएंगे।
अन्य क्षेत्रीय हल्के/मध्यम वाहनों के मार्ग
गाजियाबाद से हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, मुरादाबाद जाने वाले हल्के/मध्यम वाहन एनएच-9 पर यथावत चलेंगे। हापुड़ में स्थानीय प्रतिबंध होने पर ये वाहन ततारपुर तिराहा (हापुड़) से बिजनौर की ओर उपरोक्त व्यवस्था के अनुसार जाएंगे। बिजनौर से मुजफ्फरनगर/सहारनपुर जाने वाले वाहन गंगा बैराज (बिजनौर) से मीरापुर (मुजफ्फरनगर) जाएंगे। वे जानसठ बाईपास, भोपा बाईपास, पचेंडा बाईपास, रामपुर तिराहा, रोहाना, देवबंद होते हुए सहारनपुर पहुंचेंगे।
बुलंदशहर से उत्तराखंड जाने वाले वाहन चौकी जोखाबाद (सिकंदराबाद, बुलंदशहर) से ईस्टर्न पेरिफेरल का प्रयोग करेंगे। वे डासना इंटरचेंज (गाजियाबाद) उतरकर एनएच-09 से पिलखुवा (हापुड़) जाएंगे। इसके बाद निजामपुर तिराहा, हापुड़ बाईपास, ततारपुर तिराहा से हापुड़ मेरठ बाईपास होते हुए टियाला अंडरपास (हापुड़) पहुंचेंगे। वहां से बाईं ओर कस्बा किठौर (मेरठ), परीक्षितगढ़, छोटा मवाना, बहसूमा (मेरठ), रामराज (मुजफ्फरनगर), मीरापुर, जानसठ बाईपास, भोपा बाईपास, पचेंडा बाईपास, रामपुर तिराहा, रोहाना (मुजफ्फरनगर), देवबंद (सहारनपुर), नागल, गागलहेड़ी, छुटमलपुर, चौकी मोहंड (बिहारीगढ़, सहारनपुर), चौकी आशारोड़ी (देहरादून) (उत्तराखंड) को जाएंगे।
हरिद्वार जाने वाले वाहन छुटमलपुर (Saharapur) से भगवानपुर (हरिद्वार), रुड़की होते हुए हरिद्वार (उत्तराखंड) पहुंचेंगे। बुलंदशहर से उत्तराखंड जाने वाले वाहन चौकी जोखाबाद (सिकंदराबाद, बुलंदशहर) से ईस्टर्न पेरिफेरल का प्रयोग करते हुए खेकड़ा से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून जाएंगे।
गंगा एक्सप्रेस-वे और हरियाणा/पंजाब की ओर जाने वाले मार्ग
मेरठ से शामली जाने वाले हल्के/मध्यम वाहन नानू नहर पुल (सरधना, मेरठ), भूनी चौराहा, बायवाला (बुढाना, मुजफ्फरनगर), फुगाना (मुजफ्फरनगर) होते हुए शामली जाएंगे। मुजफ्फरनगर से शामली जाने वाले वाहन वहलना चौक से पीनना बाईपास, बघरा, तितावी, लालूखेड़ी (तितावी, मुजफ्फरनगर), बुटराडा (बाबरी, शामली), बनत होते हुए शामली पहुंचेंगे। हरिद्वार/देहरादून से यमुनानगर, अंबाला, सोनीपत जाने वाले वाहन छुटमलपुर (सहारनपुर) से एनएच-344 होते हुए चौकी शाहजहांपुर (सरसावा, सहारनपुर) जाएंगे। वे चौकी कलानौर (सदर, यमुनानगर) होते हुए अंबाला, करनाल, पानीपत और सोनीपत की ओर जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, हरिद्वार/देहरादून से करनाल जाने वाले वाहन छुटमलपुर, सहारनपुर, गागलहेड़ी, नागल, देवबंद, बड़गांव, ननौता, जलालाबाद (शामली) होते हुए करनाल पहुंचेंगे। गंगा एक्सप्रेस-वे से आने वाले सभी वाहन जिन्हें हापुड़, गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा, हरियाणा, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून जाना है, उन्हें सिंभावली कट से नीचे उतारा जाएगा। वे हापुड़-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग (एनएच-9) से होते हुए डासना से पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से खेकड़ा में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
गंगा एक्सप्रेस-वे से आने वाले सभी वाहन जिन्हें मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर की ओर जाना है, उन्हें सिंभावली कट से एनएच-09 पर उतरकर ततारपुर हापुड़ से दाहिने मुड़कर हापुड़-मेरठ बाईपास होते हुए टियाला अंडरपास से दाहिने मुड़कर किठौर, परीक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा, रामराज, मीरापुर, जानसठ से मुजफ्फरनगर, बिजनौर की ओर भेजा जाएगा। गंगा एक्सप्रेस-वे से आने वाले ऐसे सभी वाहन जो बिजौली (खरखौदा कट) पर उतरना चाहते हैं और जिन्हें बिजनौर, दिल्ली, गाजियाबाद आदि जाना है, उन वाहनों को बिजौली कट से उतारकर सीधे टियाला (हापुड़) को प्रस्थान कराया जाएगा। जिन वाहनों को मेरठ आना है, उन्हें बिजौली कट से उतारकर उसी रोड पर यू-टर्न कराकर मेरठ की ओर प्रस्थान कराया जाएगा।


