औरैया । अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर प्रतापपुर ब्रिज के समीप शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो डीसीएम वाहनों के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में पीछे वाली डीसीएम के ड्राइवर की केबिन में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा आगे चल रही डीसीएम के चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ।
केबिन के उड़े परखच्चे, जेसीबी से निकाला गया शव
इटावा निवासी श्याम सुंदर कानपुर से टाइल्स पाउडर लोड कर ग्वालियर जा रहा था। रात लगभग 12 बजे जैसे ही वह प्रतापपुर ब्रिज के पास पहुंचा, अचानक हाईवे पर गौवंश आ जाने के कारण उसने ब्रेक लगा दिए। इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे वाली डीसीएम में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाली डीसीएम के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक उसी में फंस गया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला
स्थानीय लोगों की सूचना पर सीओ मनोज गंगवार और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल व हाईवे गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को सीधा कराकर फंसे हुए ड्राइवर को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कागजों और मोबाइल से हुई शिनाख्त
मृतक की पहचान जेब में मिले मोबाइल और कागजात के आधार पर विशाल कुमार (20) वर्ष पुत्र ऊदल सिंह निवासी हथूमा, थाना डेरापुर, कानपुर देहात के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि विशाल कानपुर देहात स्थित भोले बाबा मिल्क फ़ूड इंडस्ट्रीज से घी लोड करके आगरा जा रहा था। सीओ मनोज गंगवार ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


