नई दिल्ली । पश्चिम दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में बुधवार सुबह एक युवक गहरे नाले में गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे नाले में गिरता देखकर मामले की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। नाला करीब 12 से 15 फुट गहरा था। पुलिस ने गोताखोरों की टीम को मौके पर बुला लिया। बाद में कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से निकाल लिया गया।
मृतक की शिनाख्त अनिल कुमार (40) के रूप में हुई है। ख्याला थाना पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस हादसे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मना जा रहा है कि चक्कर आने के बाद संतुलन बिगड़ने की वजह से हादसा हुआ। पुलिस सीसीटीवी से पड़ताल कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, अनिल कुमार अपने परिवार के साथ रघुबीर नगर इलाके में रहता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा अन्य सदस्य हैं। अनिल एक निजी फैक्टरी में काम करता था। बुधवार सुबह करीब 9.00 बजे वह काम पर जाने के लिए निकला था। पंजाबी बाग इलाके में वह नाले के किनारे से गुजर रहा था। इस बीच अचानक वह गहरे नाले में गिर गया। खबर मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बाद में गोताखोर टीम के इंचार्ज हरीश कुमार को खबर दी गई। वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद अनिल के शव को पानी से निकाल लिया गया।
मामले की जांच कर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद ही अनिल के नाले में गिरने का पता चल पाएगा। इस बात का भी पता किया जा रहा है कि हादसे के समय वह कहीं नशे में तो नहीं था। ख्याला थाना पुलिस अनिल के परिजनों व दोस्तों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।