नई दिल्ली । दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आप के कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और मारपीट करने का आरोप लगाया है। जिसे लेकर केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को चिट्ठी लिखी है।
भाजपा को दिल्ली की सेवा करने का मौका नहीं मिला...
राजेंद्र नगर में एक चुनावी रैली के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'दिल्ली भारत के दिलों में से एक है, लेकिन दिल्ली के साथ सबसे बड़ी विडंबना यह है कि पिछले 25 वर्षों से यहां या तो कांग्रेस की सरकार रही है या आम आदमी पार्टी की। भाजपा को दिल्ली की सेवा करने का मौका नहीं मिला...भले ही हम 21वीं सदी में प्रवेश कर चुके हैं, लेकिन कांग्रेस और आप सरकारों के कारण दिल्ली में ज्यादा विकास नहीं हुआ है।'
AAP के सच्चे सिपाही हमेशा अरविंद केजरीवाल के साथ: प्रियंका कक्कड़
AAP नेता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, "AAP का कुनबा लगातार बढ़ा है। AAP के सच्चे सिपाही हमेशा अरविंद केजरीवाल के साथ रहे हैं। जिनका एक मात्र लक्ष्य है कि हर बच्चे तक अच्छी और बेहतरीन शिक्षा पहुंचे। हमारा लक्ष्य है कि हर घर में 24 घंटा बिजली रहे। अरविंद केजरीवाल एक मात्र ऐसे व्यक्ति हैं जिन्होंने सरकारी खजाने का मुंह जनता की तरफ मोड़ा हुआ है। हम सब उसी विचारधारा के साथ जुड़े हैं।"