ओडिशा । ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि आंध्र प्रदेश के नरसपुर और ओडिशा के पुरी के बीच भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' के टकराने की संभावना को देखते हुए, अब तक लगभग 50,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बुधवार को राज्य सरकार की तैयारियों को लेकर आयोजित एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि सबसे अधिक लोगों को गंजाम जिले से निकाला जा रहा है और यह प्रक्रिया अभी जारी है।
उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य है कि किसी की जान न जाए। इसके लिए मैदानी और पहाड़ी, दोनों तरह के इलाकों में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।' मुख्यमंत्री ने बताया कि गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगडा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों के कई गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार ने 3,000 चक्रवात आश्रय स्थल (साइक्लोन शेल्टर) बनाए हैं, जिनमें से 448 पहले से ही काम कर रहे हैं। ओडिशा सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए 15 जिलों को 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
ओडिशा के छह जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
चक्रवाती तूफान अकवान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को राज्य नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चक्रवात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, तूफान के कारण ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। दक्षिणी ओडिशा और तटीय इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा और कालाहांडी समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। बालासोर तक के तटीय क्षेत्रों में भी मौसम खराब रह सकता है।
मुख्यमंत्री ने भी बताया राज्य के 13 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। जिला कलेक्टरों के साथ बैठक कर चक्रवात से निपटने और राहत-बचाव कार्यों की रणनीति तैयार की गई है। इस बीच भारतीय नौसेना और अन्य संबंधित एजेंसियां भी तैयारियों में जुटी हैं। प्रशासन लगातार तूफान की दिशा और उसकी संभावित तीव्रता पर नजर बनाए हुए है। समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियाती इंतजाम किए जा रहे हैं।


